देव मिलन को सजने लगी देवभूमि

By: Sep 19th, 2017 12:05 am

कुल्लू —  अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में हर साल अपने हजारों श्रद्धालुओं व देवलुओं के साथ आने वाले आदि ब्रह्मा का ढालपुर स्थित अस्थायी स्थान दशहरा उत्सव के लिए सजने लगा है। आदि ब्रह्मा के देवलु देवता के अस्थायी स्थान को पिछले साल के मुकाबले इस बार अधिक सुविधा से लैस किए जा रहे हैं। हालांकि पिछले कुछ सालों से देवताओं को बैठने के लिए प्रशासन की ओर से लकड़ी से बनी चौकियां दी गई थीं, लेकिन देवता आदि ब्रह्मा का यहां लंबे समय से अपना अस्थायी शिविर है, जिसे हर साल देवता के देवलु दशहरा  उत्सव के लिए सजाते हैं। इस बार आदि ब्रह्मा के स्थान पर अलग से देवलुओं के बैठने और खाने-पीने की व्यवस्था की गई है।  देवलुओं द्वारा देवताओं के बैठने वाले स्थान को समतल किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि सृष्टि के रचिता ब्रह्मा, विष्णु, महेश इन तीनों के दर्शन के लिए सात दिनों तक आदि ब्रह्मा के शिविर में भक्तों की भारी भीड़ लगी रहती है।  जिला के अनेक राजनीतिक दिग्गज देवता का आशीर्वाद लेने के लिए पूरे परिवार सहित यहां माथा टेकते हैं। इसके साथ यहां भगवान रघुनाथ जी के अस्थायी शिविर की साफ-सफाई भी की जा रही है।  खेल मैदान, रथ मैदान व प्रदर्शनी मैदानी की सजावट व मरम्मत कार्य शुरू किया गया है। इस बार प्रशासन की ओर से देवी-देवताओं की व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उपायुक्त कुल्लू यूनुस का कहना है कि दशहरे की आन-शान-बान घाटी के देवी-देवता हैं, जिनके दर्शन करने के लिए हजारों  भक्त सात दिनों अस्थायी शिविरों में पहुंचते हैं। ऐसे में देवताओं को बेहतर सुविधा मिले, इसके लिए प्रशासन की ओर से पूरे प्रयास किए जा रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App