धर्मशाला के जनमेजय को राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान

By: Sep 1st, 2017 12:05 am

धर्मशाला —  राज्य शिक्षक सम्मान व विविध संस्थाओं द्वारा सम्मानित धर्मशाला के जनमेजय गुलेरिया को राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान के लिए चयनित किया गया है। इस सर्वोच्च समान से जनमेजय को महामहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पांच सितंबर शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य पर सम्मानित करेंगे। प्रदेश भर में मात्र चार ही शिक्षकों का राष्ट्रीय पुरस्कार में चयन किया जाता है। इसमें जिला कांगड़ा के जनमजेय गुलेरिया ने लंबे अंतराल के बाद अपना स्थान बनाकर देश भर में अपना व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। जनमेजय गुलेरिया वर्तमान में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खनियारा खास में संगीत प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं। चार फरवरी 1969 को नगरोटा सूरियां के गांव बासा में स्वर्गीय शकुंतला व सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य देशराज गुलेरिया के घर जन्मे जनमेजय को संगीत व अध्यात्म अपने पिता से विरासत में प्राप्त हुआ। नगरोटा सूरियां से मैट्रिक करने के बाद डीएवी कालेज कांगड़ा से बीएससी, धर्मशाला कालेज से बीएड व हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से एमएससी गणित की डिग्री प्राप्त की। 1991 में विज्ञान शिक्षकके रूप में डीएवी बाघनी व इंटरनेशनल स्कूल तलणू धर्मशाला के उपरांत 1996 में अथेड़ जिला चंबा, 1999 स्पेल में गणित व विज्ञान के साथ-साथ संगीत शिक्षण में भी योगदान दिया। बचपन से ही संगीत के प्रति रुचि थी, इसलिए गणित में एमफिल की डिग्री प्राप्त करने के पश्चात चंडीगढ़ से संगीत विषारद, संगीत भास्कर व संगीत चूड़ामणि की उपाधियां प्राप्त कीं। जनमेजय गुलेरिया को राज्य शिक्षक सम्मान तथा अन्य प्रतिष्ठित पुरस्कारों के बाद सर्वोच्च सम्मान उच्च राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान मिलने पर उपनिदेशक, उच्च शिक्षा केके गुप्ता, खनियारा खास की प्रधानाचार्य प्रतिभा बुराथोकी व एसएमसी अध्यक्ष रमेश मस्ताना ने विद्यालय, जिला व प्रदेश को गौरवान्वित करने वाली इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी।

जनमेजय गुलेरिया को प्राप्त मुख्य सम्मान

सीनियर फैलोशिप सम्मान, राज्य शिक्षक सम्मान, संगीत चूड़ामणि सम्मान, आचार्य बृहस्पति संगीत सम्मान, पंडित राम शर्मा उत्कृष्ट सेवा शिक्षक सम्मान, कैप्टन राम सिंह ठाकुर कल्चरल एक्सीलेंस अवार्ड, कल्चरल एक्सीलेंस अवार्ड, हिमाचल केसरी अवार्ड, जिला भाषा संस्कृति सम्मान, राजपूत कल्याण उत्कृष्ट सेवा शिक्षक सम्मान, लोक साहित्य सम्मान, शास्त्रीय संगीत सम्मान, रोटरी क्लब शाहपुर शिक्षक सम्मान, रोटरी क्लब धर्मशाला शिक्षक सम्मान के अलावा 250 से भी अधिक पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App