नाहन में भगवान वामन को नमन

By: Sep 3rd, 2017 12:05 am

नाहन – वामन द्वादश का पर्व जिला मुख्यालय नाहन में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इस पर्व पर जिला मुख्यालय नाहन में न केवल मेले का आयोजन होता है, बल्कि भगवान वामन की शोभा यात्रा भी निकाली जाती है। गौर हो कि भद्रपद की शुक्ल पक्ष की द्वादशी को पृथ्वी पर भगवान बिष्णु ने भगवान वामन के रूप में पांचवा अवतार लिया। इस पर्व पर शनिवार को बड़ा चौक स्थित जगन्नाथ मंदिर में भजन कीर्तन का आयोजन किया गया, वहीं तीन सितंबर को शहर के विभिन्न भगवान विष्णु के मंदिरों से भगवान की पालकियां लाई जाएंगी। इसमें दो पालकियां जगन्नाथ मंदिर, तीसरी नरसिंह भगवान मंदिर नौणी का बाग, चौथी रघुनाथ मंदिर कच्चा टैंक, पांचवी कृष्ण मंदिर कच्चा टैंक, छठी बैरागी मंदिर कच्चा टैंक, सातवीं लक्ष्मी नारायण मंदिर अप्पर स्ट्रीट, आठवीं सनातन धर्म मंदिर, नौवीं रानीताल से लाई जाएगी। यहां पालकियों के शुरू में भगवान जगन्नाथ की पहली पालकी व अन्य पालकियों के अंत में जगन्नाथ भगवान की पालकी होगी। यह सब पालकियां जगन्नाथ मंदिर में प्रातः 11 बजे आएंगी, जहां देवों को भोग के बाद डेढ़ बजे दोपहर में विदा किया जाएगा। यह हिंदू आश्रम से होते हुए नया बाजार, गुन्नूघाट उसके बाद शाम साढ़े पांच बजे पक्का तालाब पहुंचेंगी, जहां भगवान नरसिंह की पालकी को नौकाविहार करवाया जाएगा। जगन्नाथ मंदिर के मुख्य पुजारी नरेश पाबुच ने बताया कि नौकाविहार के बाद रात्रि को भगवान वामन के सम्मान में भजन संध्या का कार्यक्रम होगा। यह भजन कार्यक्रम रात्रि 12 बजे तक चलेगा। उसके बाद रात को 12 बजे के बाद सभी पालकियां वापस अपने-अपने मंदिरों में चली जाएंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App