प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुशील कुमार शिंदे के सामने दिखाएंगे ताकत

By: Sep 26th, 2017 12:05 am

ऊना – प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुशील कुमार शिंदे के ऊना आगमन पर मंगलवार ऊना और कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से टिकट के दावेदार अलग-अलग स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित कर अपना जनाधार दिखाने का प्रयास करेंगे। आने वाले विधानसभा चुनावों में नेताओं ने टिकट की दौड़ में अपनी दावेदारी को पुख्ता करने के लिए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुशील कुमार शिंदे का अलग-अलग स्वागत कर यहां टिकटार्थी अपनी ताकत का अहसास करवाएगें, वहीं इससे ऊना व कुटलैहड़ में कांग्रेस पार्टी में जारी द्वंद भी उजागर हो जाएगा। टिकट की चाह पाले नेता प्रदेश प्रभारी के आगमन पर अपना-अपना बेहतर प्रदर्शन करने की रणनीति अख्तियार कर चुके हैं। ऊना व कुटलैहड़ विस क्षेत्रों में कांग्रेस नेता अलग-अलग स्थानों पर प्रदेश प्रभारी का स्वागत कार्यक्रम आयोजित कर अपनी ताकत का अहसास करवाएंगे। ऊना विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की टिकट पर पिछली दफा विधानसभा चुनाव लड़ चुके सत्तपाल रायजादा एक बार फिर से चुनावी रण में उतरने के लिए बेताव है। ब्लॉक कांग्रेस के बैनर तले वह मैहतपुर प्रवेश द्वार पर सुशील कुमार शिंदे का स्वागत करेंगे, वहीं इसके बाद ऊना के एमसी पार्क में रैली का आयोजन भी करेंगे। वहीं, एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष करुण शर्मा अलग से सुशील कुमार शिंदे के स्वागत कर प्रभावित करने का प्रयास करेंगे। कांगे्रस के राजीव गौतम भी कांग्रेस के टिकट के लिए मैदान में अपनी दावेदारी पुख्ता कर रहे हैं। वहीं, पूर्व विधायक गणेश दत्त भरवाल, कुटलैहड़ ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष रविंद्र फौजी, समाजसेवी एवं युवा कांग्रेस नेता रूमेल धीमान, कांग्रेस नेता देशराज गौतम, युवा कांग्रेस नेता सुमित शर्मा भी कांग्रेस टिकट के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं। वहीं, अभी हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए देवेंद्र भूट्टो भी दावेदारों में शामिल है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App