महिला रक्षा मंत्री !

By: Sep 6th, 2017 12:02 am

(रितु, धर्मशाला, कांगड़ा )

देश की पहली महिला रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने आते ही रक्षा तंत्र में महिला संरक्षण की संभावनाएं टटोलने का संदेश दिया है। यह दीगर है कि पिछले कुछ समय में अन्य क्षेत्रों की तरह रक्षा क्षेत्र में भी महिलाओं ने अपनी महत्त्वपूर्ण उपस्थिति दर्ज करवाई है। अब पुरुषों की ही तरह देश की कई बेटियां रक्षा के मोर्चे पर डट गई हैं। देश को एक सुलझी हुई रक्षा मंत्री मिलने से उम्मीद की जा सकती है कि रक्षा क्षेत्र में सेवा हेतु महिलाओं के लिए कई और दरवाजे खुलेंगे। राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य रहते हुए निर्मला यकीनन उन तमाम पहलुओं से वाकिफ हुई होंगी, जो देश-समाज में महिलाओं की स्थिति को सशक्त बनाने के लिए आवश्यक हैं। उस सेवा काल के अनुभवों का यदि वह देश की रक्षा मंत्री रहते हुए सही इस्तेमाल कर पाईं, तो निश्चित तौर पर महिला सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त होगा। वहीं राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर सीमा पर और सीमाओं के भीतर जिन चुनौतियों का सामना कर रहा है, वहां एक काबिल रक्षा मंत्री की जरूरत महसूस होने लगी थी। डोकलाम टकराव के बाद से इसकी आवश्यकता और भी बढ़ गई थी। अब प्रधानमंत्री ने यदि निर्मला सीतारमण में भरोसा जताया है, तो अपेक्षा रहेगी कि हमारी नई रक्षा मंत्री भी इन उम्मीदों पर खरा उतरेंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App