कांग्रेस ने बाप-बेटों को ही बांटे टिकट

By: Oct 26th, 2017 12:08 am

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने बोला हमला, नहीं छोड़ेंगे भ्रष्टाचारियों को

शिमला— भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा है कि मौजूदा विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस ने बाप-बेटों को ही टिकट बांटे हैं। वंशवाद की यह पराकाष्ठा है। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत भाजपा आमजन की पार्टी है, जो लोकतंत्र में विश्वास रखती है। शिमला में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का ऐलान है कि न खाऊंगा, न खाने दूंगा। हिमाचल में भी यह लागू है और भ्रष्टाचारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा सत्ता के करीब है। हालिया ओपिनियन पोल सर्वेक्षणों ने भी यह साबित किया है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि प्रदेश में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पुत्र मोह में फंसे हैं। वर्ष 2012 में उनके पुत्र विक्रमादित्य पिता की संपत्ति पर आश्रित थे। उनके पास एक करोड़ 19 लाख की ही संपत्ति थी, जबकि यह बढ़कर 84 करोड़ हो गई है। उन्होंने कहा कि आखिर पांच वर्षों में विक्रमादित्य ने ऐसा क्या किया, जो संपत्ति बढ़कर 84 करोड़ पहुंच गई। उन्होंने यह भी कहा कि हल्फनामों के मुताबिक जब मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पास सात करोड़ रुपए हैं और उनकी धर्मपत्नी के पास दो करोड़ तो ऐसे में उन्होंने एक करोड़ 24 लाख का लोन वक्कामुल्ला चंद्रशेखर से क्यों लिया, जब घर पर ही पैसे थे। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र धर्माणी, मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा व सह प्रभारी मंडी के प्रवीण शर्मा मौजूद थे। संबित पात्रा ने कहा कि भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को बख्शने वाली नहीं है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि सोनिया गांधी व राहुल गांधी ने सत्ता में रहते हुए 10 वर्षों तक 14 लाख करोड़ का गबन किया, जिससे देश पीछे चला गया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदेश की जनता 2014 में ही फतवा दे चुकी है, जब लोकसभा चुनाव के दौरान 68 में से 59 विधानसभा चुनाव हलकों और चारों संसदीय क्षेत्रों में भाजपा को जोरदार समर्थन दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने गत पांच वर्षों में मात्र अपने पुत्र का ही विकास किया, जो कि उनकी संपत्ति घोषित करने से जाहिर हुआ है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा प्रदेश में कांग्रेस द्वारा बांटे गए उन टिकटों की सूची लेकर आए थे, जिसके तहत एक दर्जन से भी ज्यादा टिकट राजनीतिक परिवारों में बांटे गए। उन्होंने कहा कि वंशवाद भाजपा का मुद्दा है और हिमाचल की जनता के बीच पार्टी यह मुद्दा लेकर जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App