किरनेश ने कोटड़ी व्यास से किया चुनाव प्रचार का आगाज

By: Oct 25th, 2017 12:07 am

पांवटा साहिब – पांवटा विधानसभा से कांग्रेस के उम्मीदवार चौधरी किरनेश जंग ने नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद बूथ स्तर से चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। मंगलवार को उन्होंने अपने चुनावी प्रचार का आगाज विधानसभा की पंचायत कोटड़ी व्यास के बूथ नंबर-1 कोटड़ी से किया। पांवटा मंडल और कांग्रेसी नेताओं के साथ वह कोटड़ी पहुंचे और अपने लिए जनता से समर्थन की मांग की। कांग्रेस का टिकट मिलने के बाद किरनेश जंग के फील्ड में जाने पर लोगों के उत्साह में बढ़ौतरी देखी गई। यहां पहुंचने पर बूथ के लोगों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर कोटड़ी व्यास के लोगों ने पंचायत में करवाए गए विकास कार्यों के लिए विधायक का आभार जताया। लोगों का कहना है कि विधायक ने पिछले पांच सालों में पंचायत में अभूतपूर्व विकास कार्य करवाए हैं। इस मौके पर लोगों ने विधायक किरनेश जंग को फिर जीताकर विधानसभा भेजने का संकल्प लिया। इस मौके पर चौधरी किरनेश जंग ने कहा कि कांग्रेस ही देश का आधार है। कांग्रेस गरीबों व किसानों की सरकार है। प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पांवटा विधानसभा में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। पांवटा में इतना विकास कभी नहीं हुआ जितना इस पांच साल के कार्यकाल में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के आशीर्वाद से हुआ है। उन्होंने कहा कि विकास के दम पर वह चुनाव जीतेंगे। चुनावी प्रचार में शामिल सरदार तपेंद्र सिंह सैणी, मंडल अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष असगर अली, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ पांवटा के अध्यक्ष कमलजीत सिंह आदि ने भी सभा को संबोधित किया और कांग्रेस प्रत्याशी किरनेश जंग के समर्थन में वोट मांगे। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, शमशेर अली, जिला सचिव शमशेर अली, पूर्व उपाध्यक्ष वित्त एवं विकास निगम तपेंद्र सैणी, कमलजीत सिंह, पांवटा शहर कांग्रेस के अध्यक्ष असगर अली, जगदीश चंद, पंचायत की प्रधान ऊषा देवी, उपप्रधान भूपेंद्र बाम, पूर्व प्रधान दिलीप सिंह, नरेश कुमार, संतराम, हेमराज, बहादुर सिंह व रंगी लाल आदि भी मौजूद रहे। उसके बाद किरनेश जंग अन्य नेताओं के साथ व्यास और गुलाबगढ़ गांव में पहुंचे और प्रचार कर जनता से उन्हें जीताने का आह्वान किया।

बेटे ने युवाओं के बीच संभाला मोर्चा

पांवटा से कांग्रेस उम्मीदवार चौधरी किरनेश जंग के छोटे बेटे अरिकेश जंग ने भी मोर्चा संभाल लिया है। अरिकेश की युवाओं के बीच अच्छी पैठ है। उन्होंने पिछले एक साल से युवाओं को नशे से दूर रखने का अभियान चलाया हुआ है और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया है। वह हर पंचायत में गए और युवक मंडलों के साथ खूब मेल-जोल बढ़ाया। अब वह भी युवाओं से कांग्रेस उम्मीदवार व अपने पिता के लिए समर्थन मांग रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App