कुटलैहड़… भाजपा लगाएगी जीत का सिक्सर

By: Oct 25th, 2017 12:07 am

थानाकलां में भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र कंवर ने बोला कांग्रेस पर हमला

बंगाणा – कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र कंवर ने कहा है कि क्षेत्र के विकास कार्यों में अड़गां डालने का खायिमाजा कांग्रेस को विधानसभा चुनावों में भुगतना पड़ेगा। क्षेत्र की जनता कांग्रेस नेताओं की कार्यशैली से भलिभांति अवगत हो चुकी है। इसके चलते कांग्रेस को क्षेत्र से लगातार छठी बार हराकर बाहर का रास्ता दिखाएगी। यह बात कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र कंवर ने थानाकलां में आयोजित बूथ प्रभारियों की बैठक के दौरान कही। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ पर डट जाएं और हर मतदाता से मिलकर मतदाताओं को मताधिकार के बारे में जागरूक करने के साथ ही भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि इस बार भारतीय जनता पार्टी ने 40 हजार वोट हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसे पार्टी पदाधिकारियों, बूथ पदाधिकारियों व भाजपा कार्यकर्ताओं के माध्यम से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता विरोधियों से भी सचेत रहें। किसी के भी बहकावे में न आएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने हमेशा ही जनता को गुमराह करने की राजनीति की है। इसके चलते आम जनता अब उनकी करतूतों से भलिभांति अवगत हो चुकी है। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर भी कांग्रेस नेताओं ने जनता को गुमराह किया। पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत हुए विकास कार्यों पर विराम लगाकर भेदभाव किया। जबकि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में अथाह विकास कार्य हुए हैं। बैठक में मंडल अध्यक्ष मनोहर लाल, प्रभारी यशपाल राणा, ठाकुर जगतराम, जिला भाजयुमो अध्यक्ष बलराम बबलू, जिला परिषद सदस्य राजकुमार, विजय, चरणजीत, सतीश, जोगिंद्र, प्रवेश , मदन राणा, विक्रम सिंह, जमीत सिंह, राजेंद्र राजू, विपिन ठाकुर, राजू राणा, अरुण, सुभाष,  प्रीतम, अजय, राम, सुमित वशिष्ठ, नरेश वशिष्ठ, सुखदेव, गुरनाम सिंह सहित अन्य बूथों के प्रभारी व कार्यकर्ता मौजूद थे। भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र कंवर ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ग्राम पंचायत नारी में डोर-टू-डोर जाकर मतदाताओं से मुलाकात की। इसके अलावा ग्राम पंचायत चरोला में चुनावी सभा को भी संबोधित किया।

आज यहां होंगे वीरेंद्र कंवर

कुटलैहड़ भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र कंवर बुधवार को नंगल-सलांगड़ी, संजोट, धमांदरी, डठवाड़ा में डोर-टू-डोर चुनाव प्रचार करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App