टिकट बदलने पर कांग्रेस में विरोध

By: Oct 21st, 2017 12:05 am

सरकाघाट —  इस बार चुनावों में मंडी जिला में नए चेहरे उतारने वाली कांग्रेस पार्टी के लिए सरकाघाट व नाचन कांग्रेस में बड़ी बगावत खड़ी हो गई है। सरकाघाट में पूर्व मंत्री रंगीला राम राव का टिकट कटने पर उनके समर्थक और ब्लॉक कांग्रेस भड़क गई है। सरकाघाट ब्लॉक कांग्रेस पूर्व मंत्री रंगीला राम के समर्थन में उतर आई है और हाइकमान से निर्णय बदलने की मांग की है। रंगीला राम राव का टिकट कटने के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस के अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों ने त्यागपत्र भी ब्लॉक अध्यक्ष को सौंप कर हाइकमान को 24 घंटे का अल्टीमेटम टिकट बदलने के लिए दिया है। शुक्रवार को एक बैठक का आयोजन सरकाघाट में किया गया, जिसमें दो जिला परिषद सदस्य, 18 बीडीसी 34 प्रधान, 30 उपप्रधान और ब्लॉक कार्यकारिणी उपस्थित रही। इन सभी ने टिकट बदल कर पूर्व मंत्री रंगीला राम राव को देने की मांग की है, जिसके बाद सरकाघाट में कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ब्लॉक कांग्रेस के बिना नए प्रत्याशी के लिए चुनाव लड़ना मुश्किलें पैदा कर सकता है। उधर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष योगराज ठाकुर ने बताया कि कार्यकर्ताओं के निर्णय से पार्टी प्रभारी को अवगत करवा दिया गया है। इसके साथ ही इसकी जानकारी सोनिया गांधी व राहुल गांधी को भेज दी गई है। कार्यकर्ताओं ने 24 घंटे का समय हाइकमान को दिया है। उन्होने कहा कि अगर हाइकमान टिकट नहीं बदलती है तो पार्टी प्रत्याशी की हार तय है। उन्होंने कहा कि तय समय के बाद कार्यकर्ता अगली चुनावी रणनीति बनाएंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री रंगीला राम राव का सरकाघाट के विकास में सबसे अहम योगदान रहा है। पिछले पांच वर्षों में भी उन्होंने नए आयाम स्थापित किए हैं, लेकिन उनका टिकट काट कर गलत प्रत्याशी को दे दिया है। वहीं, दूसरी रंगीला राम राव ने कहा कि टिकट बदलने को लेकर जनता में रोष है। जनता ही उनके पास इस बात को लेकर रोष प्रकट करने के लिए आई है। उन्होंने कहा कि हाइकमान को जनता की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App