ट्विटर से पुख्ता होगी सुरक्षा व्यवस्था

By: Oct 24th, 2017 12:02 am

पंचकूला में कानूनी ट्वीट पोस्ट करेंगे पुलिस के नोडल अधिकारी

चंडीगढ़  — हरियाणा पुलिस द्वारा पंचकूला स्थित पुलिस मुख्यालय पर तुरंत प्रभाव से एक सोशल मीडिया सेल स्थापित किया है और इस उद्देश्य के लिए ट्वीटर हैंडल भी सृजित किया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि सोशल मीडिया सेल अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, कानून एवं व्यवस्था, की देखरेख में बनाया जा रहा है। पुलिस द्वारा बनाए गए ट्वीटर हैंडल पर पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस महानिरीक्षक, सुरक्षा, जो सेल के नोडल अधिकारी भी होंगे, ट्वीट को पोस्ट करेंगें।  उन्होंने बताया कि एक प्रशिक्षित उप पुलिस अधीक्षक या निरीक्षक नोडल अधिकारियों की देखरेख के अंतर्गत सोशल मीडिया सेल का इंचार्ज होगा। उन्होंने बताया कि इस सेल को सृजित करने का मुख्य उद्देश्य आम जनता व मीडिया को हरियाणा पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई की जानकारी मुहैया करवाना है और विभिन्न क्षेत्रों में प्राप्त की जाने वाली सफलतम उपलब्धियों की जानकारी भी देना है, जैसे कि कानून एवं व्यवस्था, अपराध को रोकना, यातायात, क्षमता निर्माण और अन्य अच्छे कार्य शामिल हैं। प्रवक्ता ने बताया कि सभी संबंधित पुलिस आयुक्तों और प्रवर पुलिस अधीक्षकों को अपने-अपने संबंधित जिलों में अपने ट्वीटर हैंडल शुरू करने और प्रबंधन करने के लिए कहा गया है। पंचकूला पुलिस का यह काम काबिले तारीफ है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App