नकवी ने लपेटे यशवंत सिन्हा

By: Oct 1st, 2017 12:02 am

कहा, अनुभवी ने अर्थव्यवस्था का ठीक तरह से नहीं किया आकलन

नई दिल्ली —  अर्थव्यवस्था को लेकर अपने ही वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा की आलोचना के बाद बीजेपी नेताओं का पलटवार जारी है। केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा और खुद वित्त मंत्री अरुण जेटली के बाद अब केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने जवाब दिया है। शनिवार को नकवी ने कहा कि पूर्व वित्त मंत्री एवं बीजेपी नेता यशवंत सिन्हा ने वर्षों का लंबा अनुभव होने के बावजूद मौजूदा समय की भारतीय अर्थव्यवस्था का ठीक तरह से आकलन नहीं किया। एक साक्षात्कार में नकवी ने कहा कि जीएसटी लागू होने के बाद, जरूरी सामानों की कीमतें कम हुई हैं। यशवंत सिन्हा अनुभवी हैं, लेकिन उन्होंने इस समय अर्थव्यवस्था का ठीक तरह से आकलन नहीं किया। ओल्ड एंड न्यू इंडिया के बीच यह संघर्ष है। भारत सकारात्मक स्थिति में है। केंद्रीय मंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की यह कहकर आलोचना की कि उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था को उदार से बंधक बना दिया। गौरतलब है कि नोटबंदी, जीएसटी जैसे फैसलों के बाद चरमराती अर्थव्यवस्था को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा ने सरकार पर सवाल उठाए थे।

हिमाचल में सरकार बनाएगी भाजपा

श्री नकवी ने विश्वास जताया कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश में बीजेपी अच्छी स्थिति में है और वही सरकार बनाएगी। गुजरात में 2017 के आखिर में या जनवरी, 2018 में चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग द्वारा औपचारिक घोषणा की जानी अभी बाकी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App