बेटी की मौत पर जमकर हंगामा

By: Oct 11th, 2017 12:10 am

newsबंगाणा —  बंगाणा थाना के तहत दो दिन पहले विवाहिता के कथित तौर पर किए गए आत्महत्या मामले ने नया मोड़ ले लिया है। अब मायके वालों ने ससुरालियों पर उनकी बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। इसके चलते मायके वालों ने डुमखर में हंगामा किया। साथ ही ससुरालियों के खिलाफ  पुलिस में अपनी शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने भी ससुराल पक्ष के खिलाफ  मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार प्रेम लता (28) निवासी सतरुखा बंगाणा की दो दिन पहले मौत हो गई। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था, लेकिन जब शव डुमखर लाया गया तो मायके वालों ने हंगामा किया। करीब आधा घंटे तक एनएच हमीरपुर जाम रहा। हालांकि पुलिस द्वारा मायके वालों को समझाने के प्रयास किए, लेकिन असफल रहे। बाद में पुलिस के उच्च अधिकारियों के पहुंचने पर लोगों ने रोड खोल दिया। उधर, मृत महिला अपने पीछे दो साल की बेटी छोड़ गई है। मृतक महिला की मां सुनीता देवी का कहना है कि उसकी बेटी की हत्या की गई है। उनकी बेटी के सास व पति दहेज के लिए प्रताडि़त करते थे। शादी के कुछ समय बाद ही पचास हजार रुपए की राशि दी गई थी, लेकिन उसके बाद भी ससुरालियों ने प्रताड़ना बंद नहीं की। उन्होंने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। डीएसपी हैडक्वाटर कुलबिंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App