भाजपा ने करवाया विकास

By: Oct 30th, 2017 12:10 am

हमीरपुर —  विधानसभा सुजानपुर से भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के पक्ष में बीजेपी नेता अरुण धूमल ने नुक्कड़ सभाएं कीं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने हमेशा से एक समान विकास को तवज्जो दी है। यही कारण है कि उन्हें सुजानपुर की जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है। रविवार को अरुण धूमल ने रंगड़, लोहार बस्ती, टपरे, जंद्राल, धैल, धरोल और भटानी में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने लोगों से मिलकर भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। अरुण धूमल ने चुनावी सभाओं में कहा कि भाजपा की पहचान विकास के रूप में होती रही है, जबकि कांग्रेस अब भ्रष्टाचार का प्राय बन चुकी है। आज प्रदेश भर में भाजपा के पक्ष में यदि माहौल बना है, इससे सुजानपुर भी अछूता नहीं है। उन्होंने कहा कि सुजानपुर की जनता जानती है , जब भी भाजपा की सरकारें बनी हैं तब-तब हमीरपुर का अथाह विकास हुआ है। पूर्व की भाजपा सरकार में हिमाचल प्रदेश को लगभग पच्चासी अवार्ड मिले थे और प्रदेश हर क्षेत्र में नंबर वन था। आज प्रदेश की छवि कांग्रेस के राज में धूमिल हुई है। देवभूमि से ड्रग्ज भूमि इस प्रदेश को कांग्रेस ने बनाया है। चुनावों में भाजपा को जिता कर प्रदेश की जनता कमल खिलाएगी और कांग्रेस मुक्त हिमाचल बनाएगी। इस अवसर पर रणजीत सिंह, अनिल कौशल, रमेश ठाकुर, अनिल चंदेल सहित अन्य कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App