भाजपा में सब कुछ ठीक नहीं

By: Oct 7th, 2017 12:07 am

newsशिमला – टिकट की दावेदारी को लेकर इन दिनों शिमला भाजपाई की गुटबाजी जगजाहिर हो चुकी है। यूं कहें की ये गुटबाजी चरम पर है तो अतिशयोक्ति नहीं होगी। गुटबाजी के भंवर में फंसे शहर के भाजपाइयों के ये दो गुट ऐसा कोई मौका नहीं छोड़ते, जब एक-दूसरे को नीचा दिखाने की कोशिश न करें, वहीं एक-दूसरे पर अपनी ताकत दिखाने की कोशिश न हो रही हो, इसमें नगर निगम के पार्षद भी खूब साथ दे रहे हैं। शिमला भाजपा में एक गुट वर्तमान विधायक के साथ है तो दूसरा गुट पार्टी के उपाध्यक्ष के साथ। नगर निगम के पार्षद और शिमला शहरी भाजपा संगठन भी दो हिस्सों में बंटा हुआ है। ये तस्वीर कहीं पर भी सामने आ जाती है, जिससे ये भी पता लग जाता है कि कौन किसके साथ है। वर्तमान विधायक पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और राज्यसभा सदस्य रहने के साथ वह पार्टी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वह पार्टी के संस्थापक सदस्य हैं। वहीं दूसरे कद्दावर नेता वर्तमान में पार्टी के उपाध्यक्ष हैं जो इससे पहले पार्टी प्रवक्ता के पद पर रह चुके हैं।  बताया जाता है कि पार्टी अध्यक्ष इस दफा भी पार्टी का टिकट चाहते हैं, लेकिन इसके लिए वर्तमान विधायक का टिकट काटना होगा। इसलिए एक तरफ विधायक अपने टिकट को बचाने में लगे हैं तो दूसरी तरफ उनका टिकट काटने की कोशिशें हो रही है। खैर इस गुटबाजी का नतीजा तो जो होगा वह जल्दी पता चल जाएगा, लेकिन शुक्रवार को शहर में एक रोचक मामला सामने आया। बताया जाता है कि स्थानीय विधायक ने करवाचौथ से पहले फ्रेंड्ज क्लब के सौजन्य से एक आयोजन खास महिलाओं के लिए रखा था जो कि भाजपा से जुड़ा है। यह कार्यक्रम रखने के बाद आज एक अन्य मानवी संस्था ने भी ऐसे ही कार्यक्रम का आयोजन कर दिया, जो कि दूसरे गुट का आयोजन माना जा रहा है। ऐसे में महिलाएं परेशान हो गईं कि आखिर किसके कार्यक्रम में जाएं, क्योंकि दोनों ही तरफ से उन्हें न्योता दिया गया था। ऐसे में उनके लिए स्थिति काफी परेशानी वाली बन गई।

दबी जुबान में हो रही गुफ्तगू

खैर आयोजन दोनों जगहों पर ही हुए, लेकिन आने वाले बंट गए। इससे शिमला भाजपा की ये गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। इस गुटबाजी का पता शहर के सभी भाजपाइयों को है, लेकिन दबी जुबान में ही इस पर गुफ्तगू होती है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App