भ्रष्टाचार…टॉप पर सीएम वीरभद्र

By: Oct 31st, 2017 12:07 am

बनीखेत में चुनावी जनसभा के दौरान भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कांगे्रस को लिया आड़े हाथ

चंबा – भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को देवभूमि के नाम से जाना जाता है, लेकिन अब हिमाचल भ्रष्टाचार युक्त राज्य के नाम से देश भर में चर्चित हो गया है, जब भी भ्रष्टाचार की बात आती है तो हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का नाम शीर्ष पर आता है। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए शाह ने कहा कि गुजरात में जाकर राहुल बाबा मोदी सरकार के तीन साल का हिसाब मांग रहे हैं। शाह ने कहा कि यूपीए सरकार के दस साल के कार्यकाल में स्वर्ग से लेकर पाताल तक 12 लाख करोड़ रुपए का घोटाला करने वाली कांग्रेस को हिसाब मांगने का कोई अधिकार नहीं है। वह सोमवार को बनीखेत में डलहौजी हलके से भाजपा प्रत्याशी डीएस ठाकुर के पक्ष में आयोजित जनसभा में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि विपरीत इसके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रहनुमाई वाली केंद्र सरकार के तीन वर्ष के कार्यकाल में एक पैसे का भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। केंद्र सरकार ने गरीब-जवान और हर वर्ग के लिए 106 योजनाएं बनाई। मगर प्रदेश की वीरभद्र सिंह सरकार इन योजना को पात्र लोगों तक नहीं पहुंचने दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास के लिए कर्ज ले, जिसका स्वागत है, लेकिन विकास के नाम 20 हजार करोड़ रुपए कर्ज लेकर वीरभद्र सरकार ने गबन कर लिए, जिसके लिए हिमाचल की जनता कभी माफ नहीं करेगी। अमित शाह ने वीरभद्र सिंह को भूमिपूजन वाले मुख्यमंत्री की संज्ञा देते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार कुछ काम करती तो लोकार्पण भी करती। उन्होंने कहा कि हिमाचल को वीर भूमि के नाम से भी जाना जाता है। देश की सुरक्षा में हिमाचल के वीर जवानों का योगदान अविस्मरणीय है। जनसभा को केंद्रीय मंत्री विजय सांपला, पंजाब भाजपा अध्यक्ष तथा स्थानीय नेताओं ने भी संबोधित किया। डीएस ठाकुर ने कहा कि भाजपा के पक्ष में मतदान करके मुझे विधानसभा भेजें। जनता को निराश नहीं किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App