हमीरपुर में महिला वोटर तय करेंगी हार-जीत

By: Oct 14th, 2017 12:40 am

जिला में पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं के साढ़े सात हजार वोट ज्यादा, जननी बनेगी भाग्यविधाता

हमीरपुर – पचास लाख वोटर वाले राज्य में इस बार हमीरपुर जिला के सभी विधानसभा क्षेत्रों के नतीजे महिला मतदाताआें पर निर्भर करेंगे। प्रदेश का यह पहला जिला है, जिसके हर विस क्षेत्र में पुरुषों के मुकाबले महिला वोटरों की संख्या अधिक है। प्रदेश में महिलाआें के मुकाबले पुरुष मतदाताओं के सवा लाख वोट ज्यादा हैं। इसके विपरीत हमीरपुर जिला में महिला मतदाताओं के साढ़े सात हजार वोटर ज्यादा हैं। नौ नवंबर को प्रस्तावित विधानसभा चुनावों के लिए 49 लाख 91 हजार 921 मतदाता सूची में दर्ज हैं। इनमें महिला वोटरों की संख्या 24 लाख 26 हजार 277 है। इसके मुकाबले पुरुष मतदाता 25 लाख 65 हजार 722 हैं। रोचक है कि इसके विपरीत हमीरपुर जिला के पांचों विस क्षेत्रों के आंकड़े अलग हैं। जिला में कुल मतदाता तीन लाख 73 हजार 718 हैं। इनमें महिला मतदाताआें की संख्या एक लाख 90 हजार 662 है। इसके मुकाबले पुरुष वोटर महज एक लाख 83 हजार 56 हैं। लिहाजा हिमाचल प्रदेश की सियासत के रैपिड सेंटर कहे जाने वाले हमीरपुर जिला के चुनावी नतीजे मातृशक्ति पर निर्भर करेंगे। बताते चलें कि इस जिला में कुल 524 मतदान केंद्रों में से दस मतदान केंद्र महिला कर्मियों के हवाले होंगे। इन महिला मतदान केंद्रों पर प्रजाइडिंग अफसर से लेकर पुलिस कर्मी तक सभी महिला कर्मचारी होंगी। इस फेहरिस्त में भोरंज के सपलेहड़ा तथा परोल को महिला मतदान केंद्र बनाया गया है। सुजानपुर विस के पटलांदर तथा सुजानपुर मतदान केंद्र, सदर हमीरपुर की सीट पर हमीरपुर शहर के एक तथा दो पोलिंग केंद्रों में, बड़सर के बिझड़ी और बणी तथा नादौन के नादौन-एक व नादौन-दो के मतदान केंद्रों पर महिला कर्मचारी मोर्चा संभालेंगी। सुजानपुर विस क्षेत्र की सीट भाजपा के बागी राजेंद्र राणा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीती थी। कांग्रेस के खाते में एकमात्र बड़सर की सीट आई थी। सुजानपुर तथा भोरंज उपचुनाव की दोनों सीटें भाजपा ने जीत ली हैं। बड़सर को छोड़कर चारों सीटों पर भाजपा काबिज हुई। पूर्व शिक्षामंत्री आईडी धीमान ने सबसे बड़े अंतर दस हजार 415 मतों से भोरंज की सीट जीती थी। इसके बाद प्रेम कुमार धूमल ने हमीरपुर सदर की सीट के 9302 मतों से जीता था। नादौन क्षेत्र से विजय अग्निहोत्री ने सुखविंद्र सुक्खू को 6750 मतों से करारी शिकस्त दी थी। बड़सर विस क्षेत्र में कांग्रेस के इंद्रदत्त लखनपाल ने भाजपा के बलदेव शर्मा को 2658 मतों से हराया था।

इतने हैं मतदाता

विस       पुरुष       महिला     कुल

भोरंज      36121    38335     74456

सुजानपुर  32310    34557     66867

हमीरपुर   33935    34289    68224

बड़सर    38509    40612    79121

नादौन     42181     42869    85050

कुल       183056   190662  373718


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App