हितों की रक्षा को प्रदेश में बने किसान आयोग

By: Oct 21st, 2017 12:05 am

सरकाघाट —  हिमाचल किसान यूनियन की राज्य स्तरीय बैठक प्रदेशाध्यक्ष शुंका राम ठाकुर की अध्यक्षता मे शिव मंदिर सरकाघाट में आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश के भिन-भिन्न जिलों व ब्लॉकों से पदाधिकारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई और किसानों व बागबानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस पर  मुख्यातिथि प्रदेशाध्यक्ष शुंका राम ठाकुर ने उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि आज प्रदेश के किसान व बागबान कई समस्याओं से जूझ रहे हैं।  प्रदेश सरकार एमएस स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिश अतिशीघ्र लागू करे तथा किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रदेश में किसान आयोग गठित किया जाए। शुंका राम ठाकुर ने सरकार से मांग की कि सिंचाई के लिए बनाई गई कूहलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, उन कूहलों की मरम्मत की जाए। उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्य जैसे पंजाब, बिहार, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में पराली को जलाया जाता है, अगर इस पराली को जलाने के बजाय  हिमाचल में बने गो सदनों को भेजा जाए तो हजारों अवारा पशुओं को जहां गो सदनो में ठिकाना मिलेगा, वहीं उनके पेट भी भरे रहेंगे। इस मौके पर जिला अध्यक्ष जय सिंह ठाकुर खंड प्रधान तेज नाथ शर्मा, महासचिव सिता काम वर्मा, गो सदन डली के अध्यक्ष चंद्रमणि शर्मा सहित कई पदाधिकारी विशेष तौर पर उपस्थित रहे ।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App