18 नवंबर से निरंकारी संत समागम

By: Oct 10th, 2017 12:02 am

सदगुरु माता सविंदर हरदेव ने बुराड़ी में 3000 सेवादल सदस्यों संग किया तैयारियों का शुभारंभ

चंडीगढ़    —  निरंकारी सदगुरु माता सविंदर हरदेव जी महाराज द्वारा सोमवार को 70वें वार्षिक निरंकारी संत समागम की तैयारियों का शुभारंभ बुराड़ी रोड, दिल्ली स्थित निरंकारी सरोवर के सामने फैले विस्तृत मैदान में किया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए चंड़ीगढ़ के संजोयक नवनीत पाठक ने बताया की यह समागम यहां 18, 19 व 20 नवंबर को आयोजित किया जा रहा है जिसमें देश व दूर देशों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु भक्तों के भाग लेने की आशा है। इस वर्ष समागम का मुख्य विषय रहेगा निराकार-सहज जीवन का आधार। लगभग 400 एकड़ भूमि पर फैले समागम स्थल पर सत्संग पंडाल के अलावा श्रद्धालु भक्तों के ठहरने तथा भोजन इत्यादि का प्रबंध भी किया जाएगा। जहां पानी, बिजली तथा सिवरेज जैसी सुविधाओं का व्यापक प्रबंध किया जाएगा, वहीं सभी के लिए लंगर, कैंटीन तथा डिस्पैंसरी इत्यादि भी सभी मैदानों में उपलब्ध कराए जाएंगे। सेवा के लिए लगभग 3000 सेवादल सदस्य समागम स्थल पर पहुंच चुके हैं। इनके अलावा दिल्ली तथा आसपास के क्षेत्रों से चार से पांच हज़ार तक श्रद्धालु भक्त हर रोज बदल-बदल कर सेवा करेंगे जो प्रातः 6ः00 बजे से सायं 6ः00 बजे तक चलेगी। शुभारंभ कार्यक्रम के पश्चात् सदगुरु माता जी ने सत्संग पंडाल की ओर प्रस्थान किया, जहां पर सेवादल सदस्य उनके आशीर्वादों के लिए एकत्रित थे। पूज्य वीडी नागपाल, महासचिव संत निरंकारी मंडल तथा मेंबर इंचार्ज, सेवादल, ने सदगुरु माता का धन्यवाद किया, जिन्होंने सेवादल को समागम में आने वाले श्रद्धालु भक्तों की सेवा का अवसर प्रदान किया। उन्होंने सदगुरु माता से प्रत्येक सेवादार के लिए आशीर्वादों की कामना की ताकि वे अपनी सेवा से सदगुरु तथा साध संगत के आशीर्वादों के पात्र बन सकें। इस मौके पर कई श्रद्धालु मौजुद थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App