220 एक्स्ट्रा एचआरटीसी बस

By: Oct 17th, 2017 12:15 am

दिवाली के लिए आज 90, कल 130 बसें चलाएगा निगम

शिमला – हिमाचल पथ परिवहन निगम दिवाली पर यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल बस सेवा उपलब्ध करवाएगा। एचआरटीसी ने 17 व 18 अक्तूबर को यात्रियों की सुविधा के लिए 220 बसें चलाने का निर्णय लिया, जिसमें 17 अक्तूबर को 90 और 18 अक्तूबर को 130 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। एचआरटीसी दिवाली के अवसर पर स्पेशल अतिरिक्त बसें चलाने जा रहा है। प्रदेश के तीन स्थानों से ये बसें बाहरी राज्यों के लिए लगातार चलाई जाएंगी। दिल्ली, चंडीगढ़ व बद्दी से लोगों को निगम की सेवा का लाभ मिलेगा। त्योहारी सीजन के चलते पहले से निगम की बुकिंग एडवांस में चल रही है। ऐसे में निगम लोगों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसें चलाएगा। इसके साथ ही प्रदेश में कुल्लू, मनाली, धर्मशाला, शिमला व चंबा के लिए भी अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। दिवाली से दो दिन पहले 17 अक्तूबर को निगम 90 अतिरिक्त बसें बाहरी राज्यों के लिए चलाएगा। इसके साथ ही दीपावली से एक दिन पहले 18 अक्तूबर को निगम 130 अतिरिक्त बसें चलाएगा। हालांकि दिवाली के दिन कुछ रूटों पर ही यह सेवा उपलब्ध होगी। निगम प्रबंधन ने बाहरी राज्यों को चलाई जाने वाली बसों की संख्या का निर्धारण कर दिया है।

हर जगह से दिल्ली के लिए बस

दिवाली के दिन 19 अक्तूबर को यात्रियों की सुविधा के लिए शाम को लंबी दूरी के प्रत्येक स्टेशन के लिए एक-एक बस सेवा शुरू होगी। इस दौरान दिल्ली से शिमला, दिल्ली से धर्मशाला, दिल्ली से कुल्लू व दिल्ली से मंडी व चंबा के लिए आन-जाने हेतु एक-एक बस चलाई जाएगी। दिवाली के दिन शाम चार बजे के बाद लोगों को एचआरटीसी की बस सेवा का लाभ नहीं मिलेगा। इस दौरान लोकल रूटों पर निगम की बसें नहीं चलेगी। 20 अक्तूबर को सुबह आठ बजे तक प्रदेश भर में सभी लोकल रूटों पर बस सेवा बंद रहेगी। एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक पंकज सिंघल ने खबर की पुष्टि की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App