केलांग का पारा माइनस में

By: Nov 11th, 2017 12:19 am

प्रदेश भर में बढ़ा शीतलहर का प्रकोप, दो डिग्री तक लुढ़का तापमान

शिमला  —  हिमाचल प्रदेश के मौसम में चल रही करवट से राज्य में शीतलहर का प्रकोप बढ़ने लगा है। खास तौर पर राज्य में सुबह-शाम के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से राज्य के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में तो ठंड रौद्र रूप दिखाने लगी है। हालांकि मौसम विभाग ने राज्य भर में 13 नवंबर तक मौसम शुष्क बना रहने का पूर्वानुमान लगाया है। मगर विभाग ने राज्य में 14-15 नवंबर को बारिश की उम्मीदें जताई जा रही हैं, जिसमें शीतलहर का प्रकोप और बढ़ने की संभावनाएं आंकी जा रही है। प्रदेश के कल्पा में बीते 24 घंटों के दौरान बारिश रिकार्ड की गई। कल्पा में 1.4 मिलीमीटर बारिश आंकी गई। वहीं, राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में ठंडी हवाओं के चलने से न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। केलांग का न्यूनतम तापमान लुढ़क कर माइनस डिग्री में पहुंच गया है। केलांग में न्यूनतम तापमान -0.1 डिग्री दर्ज किया गया है। न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आंकी गई है। प्रदेश के बिलासपुर व हमीरपुर के न्यूनतम तापमान में सबसे अधिक 2.0 डिग्री और भुंतर, कल्पा, ऊना, कांगड़ा, चम्बा और डलहौजी के न्यूनतम पारे में एक डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। शुक्रवार को प्रदेश अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा। दिन भर धूप खिलने से कल्पा को छोड़कर राज्य के अधिकांश क्षेत्रों के अधिकतम तापमान में  उछाल दर्ज किया गया है। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 19.6, सुंदरनगर में 27.6, भुंतर में 26.4, कल्पा में 15.4, धर्मशाला में 20.2 ऊना में 29.2, नाहन में 24.7, सोलन में 24.6, कांगड़ा में 26.8, चंबा में 25.0, डलहौजी में 13.4, बिलासपुर में 24.9 और हमीरपुर में 27.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य में 13 नवंबर तक मौसम साफ रहेगा। 14-15 नवंबर को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश होगी और 16 नवंबर को राज्य के मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम साफ और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर बारिश होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App