गगरेट में युवक ने लगाया फंदा

By: Nov 23rd, 2017 12:05 am

गगरेट  — गगरेट थाना क्षेत्र के तहत एक युवक ने फंदे से झूल जान दे दी। मृतक की पहचान दिनेश कुमार (36) पुत्र रामपाल निवासी गगरेट के रूप में हुई है। युवक द्वारा फंदा लगाने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना को भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी है। बताया जा रहा है कि दिनेश कुमार बिजली का काम करता था। जानकारी अनुसार दिनेश की माता जब उसके कमरे में लाइट बुझाने गई तो दरवाजा खोलते ही उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। माता ने जब अपने लाडले को फंदे पर झूलता पाया तो उसकी चीख निगल गई। उसकी चीख सुन आसपास के लोग मौका पर पहुंचे तो दिनेश को फंदे पर झूलता देख सब दंग रह गए। इसके बाद लोगों ने उसे फंदे से नीचे उतारा और उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि दिनेश मंगलवार दोपहर को किसी काम के चलते होशियारपुर गया था। शाम को घर लौटने के बाद अपने कमरे में चला गया। कमरे में जल रही लाइट को बंद करने जब उसकी माता गई तो उसने बेटे को फंदे पर झूलते पाया। एसपी संजीव गांधी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले को लेकर कार्रवाई की जा रही है।

ऊना में युवक ने निगला जहर

ऊना- ऊना मुख्यालय के साथ लगते गांव में एक युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया है। इसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है, जहां इसका इलाज जारी है। पुलिस ने जहर निगलने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी अनुसार ऊना थाना के तहत आते गांव में एक युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इससे इसकी तबीयत खराब हो गई। युवक को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App