गांव की नारी शिमला शहर पर भारी

By: Nov 11th, 2017 12:01 am

नौ विस क्षेत्रों में महिलाओं की पोलिंग ज्यादा, दून-सुलाह का रिकार्ड

पालमपुर— विधानसभा चुनावों में हुए मतदान में कई रोचक आंकड़े सामने आए हैं। प्रदेश में नारी शक्ति ने नई सरकार के गठन में पुरुषों से अधिक रुचि दिखाई है, वहीं दिलचस्प यह भी रहा कि प्रदेश के नौ विस क्षेत्र ऐसे भी रहे, जहां पर महिला मतदाताओं ने मतदान के क्षेत्र में शिमला शहरी के कुल आंकड़े को मात दे दी। गुरुवार को हुए मतदान में शिमला शहरी विस क्षेत्र में कुल 32137 लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया, जिसमें 16903 पुरुष और 15934 महिला मतदाता थीं। इस क्षेत्र में प्रदेश स्तर पर 77.76 प्रतिशत के मुकाबले भी मात्र 64.56 फीसदी मतदान देखने को मिला। शिमला शहरी क्षेत्र में जहां कुल 32137 लोगों ने वोट डाले, वहीं प्रदेश के नौ विस क्षेत्रों में इससे अधिक वोट तो महिला मतदाताओं ने ही डाल दिए। इस सूची में सबसे ऊपर जिला कांगड़ा के सुलाह विस क्षेत्र की नारी शक्ति रही। प्रदेश के सबसे अधिक वोटर संख्या वाले हलके में महिलाओं ने मतदान को लेकर भी खूब रुचि दिखाई और कुल 48108 में से 37873 महिलाएं मतदान केंद्रों तक पहुंचीं। जिला कांगड़ा के ही नूरपुर विस क्षेत्र में 40017 में से 32517, ज्वाली में 44160 में से 35783, नगरोटा में 40215 में से 33873 महिलाओं ने अपना वोट डाला। इसके साथ ही जिला हमीरपुर के नादौन में 43086 में से 34325, हरोली में 39394 में से 33493, घुमारवीं विस क्षेत्र में 40725 में से 32257 और जिला सोलन के नालागढ़ विस क्षेत्र में 39684 में से 34348 महिलाओं ने विधानसभा के प्रतिनिधियों के चुनाव के लिए अपना वोट दिया।

दून की महिलाएं अव्वल

जिला सोलन के दून विस क्षेत्र में महिलाओं ने मतदान प्रतिशतता के आंकड़े में सब क्षेत्रों को पीछे छोड़ दिया है। यहां 29953 में से 26832 महिलाओं ने वोट डाला।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App