गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों ने तोड़ी जनता की कमर

By: Nov 3rd, 2017 12:10 am

स्वारघाट —  नयनादेवी से कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल ठाकुर ने ग्राम पंचायत मैथी, टाली और री में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक तो पहले ही देश व प्रदेश की जनता महंगाई से परेशान हो रही है, ऊपर से केंद्र सरकार ने बुधवार को रसोई गैस के दाम बढ़ाकर गरीब जनता की रीढ़ तोड़ कर रख दी है। दिनोंदिन पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ते जा रहे हैं। अब गैस सिलेंडर पर सीधे 94 रुपए की बढ़ोतरी कर यह साबित कर दिया है कि केंद्र की भाजपा सरकार गरीब जनता की नहीं बल्कि बड़े घरानों की हिमायती है। श्री ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार की गलत नीतियों के चलते महंगाई दर में बेतहाशा वृद्धि हो रही है ,जिसे रोकने में केंद्र सरकार पूरी तरह से असफल रही हैं। जब से प्रदेश में चुनाव आचार संहिता लागू हुई है तब से पेट्रोल व डीजल के दाम दो रुपए प्रति लीटर व अब गैस के  सिलेंडर में 94 रुपए की वृद्धि की गई है, जबकि करीब दो महीने पहले रसोई गैस के सिलेंडर की कीमत 86 रुपए बढ़ाई गई थी। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी रणधीर शर्मा को घेरते हुए कहा कि वह पांच साल तक लघु बचत के उपाध्यक्ष रहे तथा दस साल से क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। बावजूद इसके क्षेत्र का विकास करने में पूरी तरह नाकाम रहे हैं। उन्होंने पूछा कि वह बताएं कि नयनादेवी के लिए कितनी पेयजल योजनाएं लाए, कितनी नई पाठशालाएं खुलवाइर्ं व कितनी नई पाठशालाएं अपग्रेड करवाई हैं। इसके साथ ही कितनी सड़कें निकालीं, कितने नए बिजली ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं, कितनी डिस्पेंसरियां पशु चिकित्सालय खुलवाए, कितने कार्यालय नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र में लाए। विधायक निधि का कितना पैसा सार्वजनिक कार्यों पर खर्च किया है। उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि विधायक निधि का पैसा मात्र अपने चहेतों में ही बांटा। इस मौके पर दयोथ पंचायत के प्रधान राजेश कुमार, उपप्रधान श्याम लाल, मैथी पंचायत के प्रधान कमल, उपप्रधान श्याम लाल चौधरी, पूर्व बीडीसी  सदस्य सीमा ठाकुर, सुमन ठाकुर, प्रेम सिंह, धर्म पाल, जगदीश चंद तथा मेजर जयकिशन, सीता राम ठाकुर और कृष्ण लाल ठाकुर मौजूद रहे। इस अवसर पर ब्राहमण सभा के नुमाइंदे संतोष कुमार ने भाजपा का दामन थामा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App