घुमारवीं होगी कांग्रेस मुक्त

By: Nov 1st, 2017 12:10 am

दधोल में गरजे पूर्व सीएम धूमल, राजेंद्र गर्ग के पक्ष में मांगे वोट

घुमारवीं — पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि  विधानसभा चुनावों में घुमारवीं कांग्रेस मुक्त होगी। पूर्व सीएम ने घुमारवीं के विकास को राजेंद्र गर्ग को जीताकर कमल खिलाने का आह्वान किया। प्रो. धूमल ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार है, अब हिमाचल में भी सरकार भाजपा की बन रही है। लिहाजा विकास को गति देने के लिए घुमारवीं, प्रदेश व केंद्र में मित्र सरकार होनी जरूरी है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल मंगलवार को दधोल में भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र गर्ग के पक्ष में जनसभा में उपस्थित हजारों लोगों को संबोधित कर रहे थे। जनसभा में हजारों की संख्या में भीड़ देखकर गदगद हुए पूर्व सीएम ने भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र गर्ग की पीठ थपथपाई तथा लोगों से विकास के लिए घुमारवीं से कमल खिलाने की अपील की। प्रो. धूमल ने कहा कि वर्ष 2012 में इसी स्थान पर रैली हुई थी, जिसे उन्होंने संबोधित किया था। परंतु उस समय कार्यकर्ताओं के चेहरे बिखरे हुए थे, लेकिन इस बार सभी चेहरे खिले हुए हैं जिससे भाजपा प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र गर्ग को दस हजार से अधिक मतों से विजयी बनाकर दस साल का कर्ज ब्याज सहित चुकता करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी का निर्णय हमेशा सही होता है। आज हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने वाली है। कार्यकर्त्ता एकजुट होकर काम करके निकम्मी कांग्रेस को उखाड़ फैंकने को उतावले हैं। हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार से हर वर्ग दुखी हो गया है। बिलासपुर जिला में भाजपा चारों सीटों पर विजय पताका फहराएगी। धूमल ने कहा कि सत्ता में आते ही रूसा प्रणाली को खत्म किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस ने बेरोजगारों को कौशल विकास भत्ते के नाम पर ठगा है। कर्मचारी वर्ग परेशान हैं। केंद्र सरकार ने विकास के लिए हिमाचल प्रदेश को बजट दिया, लेकिन हिमाचल सरकार विकास नहीं करवा पाई। उन्होंने आह्वान किया कि घुमारवीं से भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र गर्ग को जीताकर विधानसभा में भेजें। इस मौके पर पूर्व विधायक कर्म देव धर्माणी, मंडलाध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर, राकेश चोपड़ा, विक्रम शर्मा, नवीन शर्मा, महेंद्र पाल रतवान, उषा ठाकुर, पे्रम सागर, जोरावर सिंह सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

समस्याएं सुलझाने में नाकाम रहे विधायक

इस मौके पर भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र गर्ग ने कहा कि प्रदेश में सत्तासीन भ्रष्ट कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का समय आ गया है। गर्ग ने कहा कि घुमारवीं में समस्याओं का अंबार है। लेकिन, स्थानीय विधायक समस्याओं का समाधान करने में नाकाम रहे हैं।  लोगोें के हितों को नजरअंदाज कर विधायक ने पांच साल मंत्री बनाने में ही व्यतीत कर दिए, जिससे घुमारवीं विस क्षेत्र विकास में पिछड़ता गया।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App