पांच साल नहीं हुए भाजपा विधायकों के काम

By: Nov 8th, 2017 12:05 am

ऊना —  केंद्र सरकार ने भ्रष्टाचार मुक्त शासन देकर देश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया है। प्रदेश की जनता के साथ मिलकर मोदी सरकार हिमाचल में भी भ्रष्टाचार मुक्त भाजपा की सरकार देगी। यह बात प्रदेश भाजपाध्यक्ष एवं ऊना सदर से भाजपा प्रत्याशी सतपाल सिंह सत्ती ने मंगलवार को मैहतपुर बाजार, सनोली में जनसंपर्क व नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अपने तीन वर्षाे में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाए रखा है। इन तीन वर्षों में भ्रष्टाचार का कोई भी मामला उजागर नहीं हुआ है। सतपाल सत्ती ने कहा कि केंद्र सरकार ने जिस प्रकार देश को विकास के पथ पर अग्रसर किया है, वैसे ही प्रदेश में भाजपा सरकार बनने पर विकास के नए-नए आयाम स्थापित किए जाएंगे। सतपाल सत्ती ने कांग्रेस सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में विकास के मामले में भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा समर्थित विधायकों के विस क्षेत्रों में कांग्रेस सरकार ने भेदभाव अपनाते हुए विकास कार्यो को पूरी तरह से ठप रखा। यहीं नहीं पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई विकास योजनाओं को भी कांग्रेस ने सत्ता में आते ही खटाई में डाल दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में क्षेत्रीय अस्पताल में चिकित्सकों की भारी कमी चल रही है। लोगों को उपचार के लिए भारी परेशानियां झेलनी पड़ रही है। छोटे-छोटे उपचार के लिए लोगों को बाहरी स्थानों को जाना पड़ रहा है। इसके अलावा स्कूलों व कालेजों में शिक्षकों की कमी से बच्चों की पढ़ाई पर विपरीत असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही उक्त कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App