प्रदर्शन पर लगे रोक, इतिहास को मनोरंजन बनाना निंदनीय

By: Nov 18th, 2017 12:01 am

इलाहाबाद— रिलीज से पहले विवादों में आयी पद्मावती फिल्म के खिलाफ देश भर में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच अमेठी राजघराने से ताल्लुक रखने वाले कांग्रेस के राज्यसभा सांसद संजय सिंह भी इस मामले में कूद पड़े हैं। उन्होंने फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाए जाने की मांग की है। संजय सिंह ने इलाहाबाद में कहा कि यदि यह फिल्म रिलीज होती है, तो यह साफ हो जाएगा कि बीजेपी सरकार इस देश के इतिहास, अस्तित्व और अस्मिता में विश्वास नहीं करती है। संजय सिंह ने फिल्म पर हो रहे विवाद के लिए सीधे तौर पर केंद्र की बीजेपी सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। इतिहास, इतिहास होता है और इतिहास सच्ची घटनाओं के आधार पर बनता है। इतिहास को आज के हिसाब से बदलकर उसे मनोरंजन की तरह बनाना और प्रदर्शित करना निंदनीय और आपराधिक कृत्य है। रानी पद्मावती सिर्फ क्षत्रियों और राजस्थान की शान नहीं हैं, बल्कि वह देश की शान हैं। इसलिए देश के लोगों और सरकार की जिम्मेदारी है कि उनके नाम पर गलत तरीके से इतिहास को पेश न किया जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App