लोगों तक पहुंचाएं सही सूचना

By: Nov 17th, 2017 12:01 am

चंडीगढ़— हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर मीडिया कर्मियों को बधाई देते हुए लोगों, समाज, राष्ट्र और लोकतंत्र के प्रति उनकी सेवाओं की सराहना की। गुरुवार को जारी एक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि वह राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर मीडिया कर्मियों को शुभकामनाएं देते हैं। वह मीडिया कर्मियों, विशेष रूप से क्षेत्र में कार्य कर रहे मीडिया कर्मियों की भूमिका की सराहना करते हैं, जो कई कठिनाइयों का सामना करके लोगों तक सूचना पहुंचाते हैं और जनसाधारण की आवाज बुलंद करते हैं। इनके बिना न तो सरकारी नीतियां और कार्यक्रम जनता तक पहुंच सकते हैं और न ही जनमत की जानकारी मिल सकती है। मुझे विश्वास है कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस इस महत्त्वपूर्ण भूमिका को और अधिक जिम्मेदारी, उत्साह और साहस के साथ निभाने के उनके संकल्प को मजबूत करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया ने समाचारों और विचारों के प्रसार को गति दी है और मीडिया को अधिक सहभागितापूर्ण और प्रतिस्पर्धी बना दिया है। उन्हें  विश्वास है कि इसका उपयोग और अधिक जिम्मेदारी से लोगों को सूचना देने के लिए किया जाएगा, दुष्प्रचार के लिए नहीं। मनोहर लाल ने कहा कि एक स्वतंत्र प्रेस एक जीवंत लोकतंत्र का आधार स्तंभ है। प्रेस और सभी रूपों में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप हमने मीडिया कर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों के निर्वहन में सक्षम बनाने के लिए कई सुविधाएं प्रदान की हैं। मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ होने की अपनी प्रतिष्ठा पर खरा उतरने का प्रयास हमेशा करता रहेगा। इस अवसर पर कविता जैन,  राजेश खुल्लर एवं समीर पाल सरो और अमित आर्य ने भी मीडिया कर्मियों को बधाई दी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App