शाह बोले,भ्रष्ट सरकार का पतन जल्द

By: Nov 1st, 2017 12:10 am

इंदौरा रैली में गरजे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष; राहुल से पूछा,क्यों दिया हिमाचल को भ्रष्ट सीएम

डमटाल  —   इंदौरा के सूरजपुर गांव में मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि हिमाचल की भ्रष्ट सरकार का शीघ्र पतन होगा।  भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार के लिए जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने वीरभद्र सरकार के बहाने राहुल गांधी को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि हमसे कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हिसाब मांगते हैं,लेकिन मैं उनसे पूछता हूं कि क्यों उन्होंने हिमाचल पर वीरभद्र सिंह जैसा भ्रष्ट सीएम मढ़ा। शाह ने आगे कहा कि कोटखाई गैंगरेप-मर्डर केस से हिमाचल का सिर शर्म से झुक गया है। जनसभा में साँसद शांता कुमार और जम्मू कश्मीर के वन मंत्री चौधरी लाल सिंह भी मौजूद रहे। शाह ने कहा कि आज सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती है और कांग्रेस ने तीन पीढि़यों तक सरदार उनकी अनदेखी की है।  कहा कि असली भारत रत्न के हकदार भाई पटेल थे। केंद्र सरकार ने हज़ारो करोड़ रुपए की योजनाएं हिमाचल को दी, लेकिन प्रदेश की सरकार उन्हें लोगों तक पहुंचाने में असमर्थ रही है। पहले हिमाचल को केंद्र से मिलने वाला बजट 44 हज़ार 235 करोड़ था, उसको बढ़ाकर मोदी सरकार ने 1 लाख 15 हज़ार 846 करोड़ कर दिया। इसमें 71 हज़ार करोड़ की बढ़ोतरी हुई, पैसा भी प्रदेश सरकार को दिया, लेकिन प्रदेश सरकार ने कुछ नहीं किया। इस दौरान प्रभारी संजय गुलेरिया ने भी जनसभा को संबोधित किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App