शिखर पर हिमाचली खेल प्रतिभाएं

By: Nov 24th, 2017 12:05 am

भूपिंदर सिंह

लेखक, राष्ट्रीय एथलेटिक प्रशिक्षक हैं

हिमाचल के खिलाड़ी राज्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं के अभाव के बावजूद राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश व देश का नाम चमका रहे हैं। इस सत्र की शेष बची राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में हिमाचली खिलाडि़यों से आशा की जाती है कि वे उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हिमाचल प्रदेश को गौरव दिलाएं…

हिमाचल प्रदेश के मेहनती खिलाड़ी राज्य में बेहतरीन खेल सुविधाओं के अभाव में भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश व प्रदेश का नाम चमका रहे हैं। मनाली के शिव केशवन ने लगातार छठी बार शीतकालीन ओलंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई कर एक बड़ा कीर्तिमान स्थापित कर लिया है। 2018 के शीतकालीन ओलंपिक खेलों में हिमाचल का यह सपूत भारत का प्रतिनिधित्व ल्यूज पैडलर स्पर्धा में करेगा। 1998 में पहली बार शिव केशवन ने शीतकालीन ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। उसके बाद लगातार यह ल्यूज पैडलर शीतकालीन ओलंपिक खेलों में भारतीय टीम का हिस्सा रहा है। कई बार हिमाचल प्रदेश का यह प्रतिभाशाली खिलाड़ी एशियाई स्तर पर भारत को स्वर्ण पदक दिला चुका है।

अभी हाल ही में घोषित भारतीय कबड्डी टीम, जो एशियाई कबड्डी में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी, पुरुष वर्ग में नालागढ़ के अजय ठाकुर इस टीम के कप्तान हैं। ऊना के विशाल भारद्वाज इस टीम में अजय ठाकुर के सहयोगी होंगे। महिला वर्ग में सिरमौर की प्रियंका नेगी तथा कुल्लू की कविता भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं। प्रदेश के साई व राज्य खेल छात्रावासों से कबड्डी में अच्छे परिणाम आ रहे हैं। भारत-ए तथा बांग्लादेश-ए टीम के बीच हो रही महिला क्रिकेट सीरीज में मंडी के सुंदरनगर की नीना चौधरी टॉप ऑर्डर बल्लेबाज के रूप में एकदिवसीय मैचों में खेलेगी। शिमला के रोहड़ू की तनुजा कंवर, जो एक बेहतरीन आल राउंडर है, टी-ट्वेंटी सीरीज में भारत-ए का प्रतिनिधित्व करेगी। शिमला की सुषमा वर्मा महिलाओं के विश्व कप में अपना लोहा पहले ही मनवा चुकी है। इस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी को हिमाचल पुलिस में डीएसपी का पद भी दिया गया है। अजय ठाकुर भी खेल कोटे से हिमाचल पुलिस में डीएसपी भर्ती हुए हैं। इसी माह मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित हुई राष्ट्रीय वरिष्ठ कुश्ती प्रतियोगिता में सोलन की पहलवान रानी राणा ने कांस्य पदक जीता है। महिला वर्ग में वरिष्ठ राष्ट्रीय कुश्ती में यह पहला पदक है। सुंदरनगर के जॉनी चौधरी ने भी इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेश के लिए कांस्य पदक जीता है। सुंदरनगर के जॉनी चौधरी राष्ट्रीय खेलों के स्वर्ण पदक विजेता भी हैं। मुक्केबाजी में मनीष चौधरी ने इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है। यह मुक्केबाज जॉनी चौधरी का चचेरा भाई है। सुंदरनगर से ही विरेंद्र ने वरिष्ठ राष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता में रजत पदक जीता है। इस समय मनीष चौधरी तथा विरेंद्र भी इंडिया कैंप में आगामी राष्ट्रमंडल खेलों के प्रस्तावित खिलाड़ी होकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। वालीबाल के लिए लगने वाले इंडिया कैंप, जिसमें एशियाई खेल 2018 के प्रस्तावित खिलाडि़यों को प्रशिक्षित किया जाएगा, के चयन ट्रायल में हिमाचल प्रदेश के पांच खिलाड़ी अमित कुमार, रमन कुमार, अभिषेक सोनी, नितिन तथा अक्षय भाग ले रहे हैं। देखते हैं कि इनमें से कौन-कौन इंडिया कैंप में चयनित होता है। हैंडबाल की लड़कियां कनिष्ठ राष्ट्रीय हैंडबाल प्रतियोगिता में हिमाचल को पदक दिला चुकी हैं और चार लड़कियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। स्नेहलता व सुनील चौधरी का इस हैंडबाल प्रशिक्षण में विशेष हाथ है। नेटबाल में तथा कोर्फबाल में भी हिमाचल की राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खास पहचान है। नई चली किक बाक्सिंग सहित और कई खेल भी हिमाचल को राष्ट्रीय स्तर पर चमका रहे हैं। खेलों की जननी एथलेटिक्स में भी इस वर्ष धर्मशाला खेल छात्रावास की सीमा ने भविष्य की चैंपियन होने का संकेत दे दिया है। इस धाविका के नाम अंडर-16 आयु वर्ग की दो हजार मीटर दौड़ का रिकार्ड दर्ज है। इसी वर्ष के शुरू में यूथ नेशनल में तीन हजार मीटर दौड़ में नौ मिनट, 56 सेकंड का रिकार्ड बनाते हुए यूथ एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश के लिए कांस्य पदक जीता था। इसी माह संपन्न हुई कनिष्ठ राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सीमा ने तीन हजार मीटर की दौड़ को अंडर-18 आयु वर्ग में नौ मिनट, 50 सेकंड में जीत कर नया राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित किया है। इससे पहले एथलेटिक्स में राष्ट्रीय स्तर का कीर्तिमान 3,000 मीटर की दौड़ में सुमन रावत के नाम वरिष्ठ वर्ग में रहा है।

विश्वविद्यालय स्तर की राष्ट्रीय प्रतियोगिता, जो अंडर-25 वर्ष आयु वर्ग के लिए होती है, में 1500 मीटर में स्वर्गीय कमलेश कुमारी तथा भाला प्रक्षेपण में संजो देवी के नाम रिकार्ड बुक में काफी समय तक चमकते रहे हैं। इस वर्ष की कनिष्ठ राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में ऊना खेल छात्रावास के अंकेश ने 800 मीटर की दौड़ में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। जोगिंद्रनगर के सावन ने 500 मीटर की दौड़, साई धर्मशाला की मनीषा ठाकुर ने 1500 मीटर तथा सुनीता ने 800 मीटर में चौथा स्थान प्राप्त कर भविष्य में अच्छा प्रदर्शन करने का संकेत दे दिया है। इस सत्र की शेष बची राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में हिमाचली खिलाडि़यों से आशा की जाती है कि वे उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हिमाचल प्रदेश को गौरव दिलाएं। निश्चित तौर पर इससे प्रदेश के उभरते होनहार खिलाडि़यों को भी प्रेरणा मिलेगी।

ई-मेल : penaltycorner007@rediffmail.com


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App