सोना चमका, चांदी सस्ती

By: Nov 11th, 2017 12:04 am

शादी के मौसम में लिवाली के चलते पीली धातु के दामों में तेजी

नई दिल्ली— शादी के मौसम की मांग को पूरा करने के लिए स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की लिवाली बढ़ने के साथ सकारात्मक वैश्विक रुख के कारण दिल्ली सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमत 80 रुपए की तेजी के साथ 30530 रुपए प्रति दस  ग्राम हो गई। कमजोर औद्योगिक मांग से चांदी 125 रुपए फिसलकर 40575 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोना हाजिर 0.1 प्रतिशत की तेजी के साथ 1286.30 डालर प्रति औंस पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान एक समय यह तीन सप्ताह के उच्चतम स्तर 1288.34 डालर प्रति औंस तक भी चढ़ा था। हालांकि, दिसंबर का अमरीकी सोना वायदा 3.2 डालर लुढ़ककर 1284.30 डालर प्रति औंस बोला गया। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमरीका में कर कटौती में देरी के कारण निवेशक शेयर बाजार में जोखिम उठाने की बजाय पीली धातु में निवेश कर रहे हैं। इससे सोने के दाम बढ़े हैं। वैश्विक स्तर पर चांदी हाजिर भी 0.1 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17.02 डालर प्रति औंस पर रही। स्थानीय बाजार में गुरुवार को स्थिर रहने के बाद सोने में तेजी देखी गई। सोना स्टैंडर्ड 80 रुपए की मजबूती के साथ 30530 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। यह 26 अक्तूबर के बाद का इसका उच्चतम स्तर है। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के साथ 30380 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी 24700 रुपए पर स्थिर रही। औद्योगिक मांग उतरने से चांदी हाजिर में गिरावट रही। यह 125 रुपए उतरकर 40575 रुपए प्रति किलोग्राम बिकी। चांदी वायदा 490 रुपए की बढ़त में 39660 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्कों में कोई बदलाव नहीं हुआ।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App