स्ट्रांग रूम सील, 39 दिन बाद खुलेंगे दरवाजे

By: Nov 11th, 2017 12:10 am

मंडी —  मतदान के बाद जिला में ईवीएम की सुरक्षा के लिए बनाए गए नौ स्ट्रांग रूम में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। ईवीएम को कड़े सुरक्षा पहरे में रखा गया है। ईवीएम की सुरक्षा व्यस्था ऐसी है कि सील स्ट्रांग रूम के अंदर परिंदा भी बिना इजाजत अब पर नहीं मार सकेगा। बल्ह और मंडी विधानसभा क्षेत्र का स्ट्रांग रूम वल्लभ कालेज में ही स्थापित किया गया है, जबकि बाकीके लिए हर विधानसभा क्षेत्र के मुख्यालय में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। इन ईवीएम को तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा और सीसीटीवी की निगरानी में रखा गया है। तीन स्तरीय घेरे में स्ट्रांग रूम के बिलकुल पास पैरा मिलिट्रीफोर्स के जवानों की तैनाती की गई है। उसके बाद पुलिस बटालियन के जवानों को लगाया गया है, जबकि पहले घेरे में स्थानीय पुलिस के जवान शामिल हैं। अगले 39 दिन तक 24 घंटे यह सुरक्षा घेरा बना रहेगा। वहीं गुरुवार को मतदान तय समय पर समाप्त होने के बाद भी ईवीएम जमा करवाने का सिलसिला रात करीब दो बजे तक जारी रहा। दूरदराज क्षेत्रों से तय समय पर ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को जमा करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मंडी में देर रात दो बजे तक यह क्रम चलता रहा। इसी तरह से सराज के जंजैहली, नाचन के गोहर, सुंदरनगर, द्रंग के पद्धर, धर्मपुर, सरकाघाट और करसोग में उपमंडल स्तर पर ईवीएम को रखने के लिए स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी मदन चौहान व एसपी मंडी अशोक कुमार ने कहा कि हथियारों से लैस पैरा मिलिट्री फोर्स के जवान और जिला पुलिस चौबीस घंटे 18 दिसंबर तक सभी विधानसभा क्षेत्र में बनाए गए स्ट्रांग रूम की सुरक्षा करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App