बस कुछ दिन और, फिर मिलेगी नौकरी

By: Dec 14th, 2017 12:01 am

आचार संहिता हटते ही सैनिक कल्याण विभाग भरेगा 400 पद

हमीरपुर— आदर्श चुनाव आचार संहिता के बाद पूर्व सैनिकों के लिए रोजगार के द्वार खुलेंगे। दिसंबर महीने के अंत तक इसकी रूपरेखा तैयार कर ली जाएगी। 400 से अधिक पद भरने करने की तैयारी हो रही है। सैनिक कल्याण विभाग भर्ती प्रक्रिया का आयोजन करेगा। एचआरटीसी में ड्राइवर, जूनियर आफिस असिस्टेंट व शिक्षा विभाग में अध्यापक के पदों पर पूर्व सैनिकों को नौकरी मिलेगी। एक साथ 400 से अधिक पदों को भरने का निर्णय लिया गया है। इन पदों की भर्ती के साथ ही पूर्व सैनिक विभाग एक साल में एक हजार पूर्व सैनिकों को नौकरी देने का अपना लक्ष्य भी पूरा कर लेगा। विभाग की मानें तो कोड ऑफ कंडक्ट की वजह से भर्ती प्रक्रिया अटकी हुई है अन्यथा पूर्व सैनिकों की भर्ती अब तक हो जानी थी। अब आचार संहिता के बाद निर्धारित मापदंड पूरे करने वाले पंजीकृत पूर्व सैनिकों को साक्षात्कार के लिए बुलावा पत्र भेजे जाएंगे। निजी साक्षात्कार के बाद विभिन्न विभागों में इनकी नियुक्ति होगी। 15 फीसदी कोटे के आधार पर सरकारी विभागों में पूर्व सैनिकों के पद भरे जाएंगे। पूर्व सैनिक विभाग के अनुसार एचआरटसी में पूर्व सैनिकों से 103 चालकों के पद भरे जाएंगे। इसके लिए हैवी ट्रांस्पोर्ट व्हीकल लाइसेंस का होना अनिवार्य है। दिसंबर के अंत तक विभाग भर्ती प्रक्रिया आयोजित कर सकता है। इसके साथ ही जूनियर आफिस असिस्टेंट के करीब 250 पद भरे जाएंगे। निर्धारित योग्यता पूरी करने वाले सैनिकों को नौकरी मिलेगी। इसके साथ ही शिक्षा विभाग में भी करीब 60 पदों पर भर्ती होगी। इसमें बीएड, जेबीटी के पदों पर भर्ती की जाएगी। जाहिर है कि सैनिक कल्याण विभाग ने वर्ष 2017 में एक हजार पूर्व सैनिकों को नौकरी देने का लक्ष्य रखा है। अब तक विभाग 800 से अधिक पूर्व सैनिकों को नौकरी प्रदान कर चुका है। इनकी ज्वाइनिंग भी विभिन्न विभागों में हो गई है। इसके साथ ही वर्ष 2017 अब तक सबसे अधिक पूर्व सैनिकों को रोजगार देने वाला साल बन जाएगा। इससे पहले अब तक के इतिहास में एक साल में 600 से अधिक पूर्व सैनिकों को कोटे के आधार पर नौकरी नहीं मिली है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App