बस में हरियाणा के युवक से पकड़ी दो किलो चरस

By: Dec 9th, 2017 12:01 am

मंडी— सुंदरनगर पुलिस ने हरियाणा के एक युवक से दो किलो से अधिक चरस जब्त की है। युवक यह चरस बस में ले जा रहा था, लेकिन पुलिस ने सुंदरनगर में नाके के दौरान उसे पकड़ लिया। पकडे़ गए आरोपी की पहचान देवी राम (36) पुत्र बलवीर सिंह निवासी भंडेरी तहसील गोहाना जिला सोनीपत हरियाणा के रूप में हुई है। उससे दो किलो आठ ग्राम चरस बरामद हुई है। पुलिस ने चरसे कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर जांच कार्य शुरू कर दी है। सुंदरनगर पुलिस के एक दल ने एएसआई प्रेम कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार सुबह हाईवे पर पुंघ में नाका लगा रखा था। पुलिस दल में एचएससी अश्वनी कुमार, आरक्षी सचिन और विजय सेन भी शामिल थे। पुलिस ने जोगिंद्रनगर से दिल्ली जा रही परिवहन निगम की बस जांच के लिए रोकी। बस में सवार लोगों की तलाशी के दौरान पुलिस ने देवी राम के सामान की जब तलाशी ली, तो उसके अंदर से चरस बरामद हो गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पर ही देवी राम को हिरासत में ले लिया। एसपी मंडी अशोक कुमार ने खबर की पुष्टि की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App