मुबारिकपुर में होमगार्ड्ज को सम्मान

By: Dec 7th, 2017 12:05 am

 मुबारिकपुर — अनुशासन पसंद होमगार्ड जवानों की सेवाएं सभी जगह सराही गई हैं। पुलिस व अन्य विभागों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर जवान अपनी निष्काम सेवाएं दे रहे हैं। इनकी सेवाओं पर हम सब को गर्व करना चाहिए। यह बात 12वीं गृह रक्षा वाहिनी के ट्रेनिंग सेंटर मुबारिकपुर में होमगार्ड स्थापना दिवस के मौके पर बतौर मुख्यातिथि पहुंचे सेवानिवृत्त आदेशक जेआर शर्मा ने कही। इस मौके पर वाहिनी के कमांडेट कुलदीप शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। वहीं, विभाग द्वारा चलाई जा रही गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। वहीं, मुख्यातिथि को होमगार्ड जवानों ने सलामी दी। इस दौरान मुख्यातिथि जेआर शर्मा ने कहा कि होमगार्ड जवान अनुशासन से अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। अब सरकार की ओर से बेहतर वेतन के साथ ही अच्छी सुविधा भी मुहैया करवाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बढि़या कार्य करके होमगार्ड जवानों ने अपनी अलग पहचान बनाई है। इसे हमेशा बरकरार रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि होमगार्ड जवान अस्पतालों, पुलिस थानों, चौकियों, यातायात व्यवस्था, मंदिरों सहित अन्य स्थानों पर अपनी डयूटी निभा रहे हैं। उन्होंने भविष्य में भी होमगार्ड जवानों को बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान होमगार्ड जवानों ने अपने करतब दिखाए। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में बेहतर कार्य के लिए होमगार्ड जवान यशपाल को हवलदार, राजेश्वरी को सेक्शन लीडर का रैंक पहनाया गया। वहीं, विभाग में सराहनीय कार्य के लिए हवलदार हरदयाल सिंह, जसपाल सिंह, अशोक कुमार, वासूदेव, पीसी धर्मपाल को सम्मानित किया गया। इसके अलावा इस दौरान वाहिनी की ओर से माता दुर्गा मंदिर में वार्षिक भंडारे का भी आयोजन किया गया। इस मौका पर पीसी हैडक्वार्टर धीरज शर्मा, कंपनी कमांडर अवतार सिंह, दिलदार सिंह, अश्वनी मनकोटिया, हंसराज, युद्धवीर सिंह सहित अन्य गणमान्य मौजूद थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App