एक नजर

By: Jan 9th, 2018 12:01 am

मैक्सिको में हिंसक झड़प, 11 की मौत

मैक्सिको सिटी — मैक्सिको के शहर अकापुलको में स्थानीय लोगों और सामुदायिक पुलिस के बीच गोलीबारी में 11 लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि शहर में एक व्यक्ति द्वारा उत्सवों के दौरान उत्पात मचाने के कारण हिंसक झड़पें हुईं। इसमें आठ स्थानीय लोगों की मौत हो गई। एक सुरक्षा अधिकारी रोबर्टो अल्वारेज ने बताया कि सेना और पुलिस के जवानों के घटनास्थल से जाने के बाद सामुदायिक पुलिस के तीन जवानों की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

यमन में सेना का प्लेन मार गिराया

दुबई — यमन के सादा प्रांत में हौती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन सेना के एक लड़ाकू विमान को मार गिराया है। सऊदी अरब के सरकारी टीवी चैनल अल अरबिया ने इस हमले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि इस हमले में विमान के दोनों चालक सुरक्षित हैं। हौती नियंत्रण वाले टीवी चैनल अल-मशीराह के अनुसार गठबंधन सेना के एक लड़ाकू विमान को मार गिराया है। यह विमान ब्रिटेन निर्मित है। उन्होंने पायलट के बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है।

समुद्र में तेल टैंकर जहाज टकराए

पेइचिंग — चीन के तट से दूर ईरान के एक टैंकर में एक दूसरे पोत से टक्कर के बाद आग लग गई है, जिससे इसमें विस्फोट होने या इसके डूबने का खतरा है। अधिकारियों ने बताया कि पोत में आग लगने के 36 घंटे बाद भी किसी के बचे होने का कोई संकेत नहीं हैं। पोत पर अब भी भीषण आग लगी हुई है जो एक लाख 36,000 टन कच्चा तेल ले जा रहा था। पोत के आसपास और समुद्र में काले धुएं का गुबार छाया हुआ है।

मुंबई की सत्र अदालत में आग

मुंबई  — दक्षिण मुंबई स्थित सत्र अदालत की तीसरी मंजिल पर सोमवार सुबह अचानक आग लग गई। अग्निशमन दल के अधिकारियों के अनुसार अदालत में आग लगने की सूचना 7ः50 बजे मिली थी और तुरंत दमकल की छह गाडि़यों को घटना स्थल की ओर भेजा गया। अग्निशमन दल ने आग पर काबू पा लिया है। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App