एचपीयू में नहीं अधिष्ठाता अध्ययन

By: Jan 16th, 2018 12:01 am

शिमला — हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में रिक्त पड़े अधिष्ठाता अध्ययन के पद पर किसी की नियुक्ति नहीं की है। पद पर किसकी नियुक्ति की जानी है, इसे लेकर कोई फैसला अभी तक नहीं लिया गया है। पद पर नियुक्ति न होने तक इस पद का कार्यभार विश्वविद्यालय के  डीएसडब्ल्यू को मिलता है, लेकिन यह अतिरिक्त कार्यभार भी अभी तक विश्वविद्यालय प्रशासन ने डीएसडब्ल्यू को नहीं सौंपा है। विश्वविद्यालय में अधिष्ठाता अध्ययन का पद 11 जनवरी  को रिक्त हो  गया था। विवि की अधिष्ठाता अध्ययन प्रो. गिरिजा शर्मा सेवानिवृत्त हुई थीं। इसके बाद इस पद पर नियुक्ति नहीं हुई है। विवि के लिए यह अहम पद है और वित्तीय मामलों के साथ-साथ प्रशासनिक और  शैक्षणिक मामलों में भी  डीएसडब्ल्यू की मंजूरी जरूरी रहती है। ऐसे में इस बात को नजरअंदाज कर विवि ने अतिरिक्त  कार्यभार विवि के डीएसडब्ल्यू पद पर तैनात प्रो. सुनील देष्टा को नहीं सौंपा है। अब मामला प्रशासन द्वारा लिखित अधिसूचना जारी न करने के बीच ही अटक गया है। एचपीयू में अधिष्ठाता अध्ययन का पद शैक्षणिक परिधि में दूसरे  स्थान पर आता है। इस अहम पद पर स्थायी नियुक्ति देने में समय विश्वविद्यालय प्रशासन को लगेगा। ऐसे में विवि को डीएसडब्ल्यू को इस  पद  का अतिरिक्त कार्यभार सौंपने की लिखित अधिसूचना जारी करना जरूरी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App