कांगड़ा में ओवरब्रिज-पूरा होगा मंडी ड्रीम

By: Jan 19th, 2018 12:01 am

सबसे बड़े जिला के नए उपायुक्त संदीप कुमार बोले, स्पेशल सॉफ्टवेयर से जांचेंगे मिड-डे मील

धर्मशाला — कांगड़ा जिला के प्रमुख शहरों में पैदल चलने वाले यात्रियों के लिए ओवरब्रिज बनाए जाएंगे। यह बात जिला कांगड़ा के नए उपायुक्त संदीप कुमार ने कही। उन्होंने कहा कि जिला में हेरिटेज और बुद्धिष्ट सर्किट भी विकसित किए जाएंगे। स्कूलों में पकने वाले मिड-डे मील की गुणवत्ता जांचने के लिए विशेष साफ्टवेयर तैयार किया जाएगा। धार्मिक पर्यटन विकसित करने के लिए प्रशासन नागनी और कालेश्वर सहित अन्य ख्याति प्राप्त मंदिरों को पर्यटन मैप पर लाएगा। कांगड़ा में ट्रैफिक प्रबंधन के अलावा ठोस कचरा प्रबंधन की दिशा में प्राथमिकता से कार्य किया जाएगा। जिला में दुर्घटना संभावित स्थल चिन्हित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए नए पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे। तपोवन विधानसभा परिसर को पर्यटकों के लिए खोलने तथा पर्यटकों को आगंतुक गैलरी तक ले जाकर विधानसभा अंदर से दिखाने की व्यवस्था विकसित करने का विचार सिरे तक पहुंचाने के प्रयास किए जाएंगे।

छोटी काशी के नए डीसी ऋग्वेद ठाकुर बोले जनता की जरूरतों के हिसाब से होगी प्लानिंग

 मंडी— मंडी संवारने के लिए अब जिला के नए उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने ड्रीम मंडी प्रोजेक्ट की पहल की है। ड्रीम मंडी प्रोजेक्ट क्या होगा, इसका खाका प्रशासन नहीं, बल्कि जनता तैयार करेगी। जनता के सुझावों के बाद प्रशासन मुख्यमंत्री के समक्ष ड्रीम मंडी प्रोजेक्ट रखेगा। मंडी के उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने एक और नई शुरुआत का भी ऐलान किया है। इसके तहत मंडी मुख्यालय पर उपायुक्त की देखरेख में एक प्रोजेक्ट मानिटरिंग सैल का भी गठन होगा। उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना प्रशासन का काम है। मुख्यमंत्री के जिला में विकास को नई ऊंचाइयां देने के लिए लोगों के सहयोग से ड्रीम मंडी प्रोजेक्ट तैयार किया जाएगा, जिसे योजनाबद्ध तरीके से लागू करने के लिए अंतर विभागीय सहयोग की आवश्यकता है। उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने कहा कि ड्रीम मंडी प्रोजेक्ट जनता के सुझावों से तय होगा। लोग क्या चाहते हैं, उनकी क्या उम्मीद हैं, यह जानने का प्रयास प्रशासन कर रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App