बर्खास्त कर्मचारी नेताओं को बहाल करे सरकार

By: Jan 19th, 2018 12:01 am

शिमला — प्रदेश में जिन कर्मचारी नेताओं को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने बदले की भावना से नौकरी से डिसमिस किया था, उनको तत्काल नौकरी पर बहाल किया जाए। यह मांग हिमाचल प्रदेश सर्व कर्मचारी पेंशनर्ज श्रमिक युवा बेरोजगार संयुक्त मोर्चा के वरिष्ठ उपप्रधान इंद्रपाल शर्मा ने की है। उन्होंने कहा कि बर्खास्त कर्मचारी नेताओं को नौकरी पर बहाल करने के लिए भाजपा ने भी विस चुनाव के दौरान बहाल करने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि जिन कर्मचारी नेताओं को वीरभद्र सरकार ने नौकरी से बर्खास्त किया था, उन पर कोई भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं है। इंद्रपाल शर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा कि उन कर्मचारी नेताओं को तो वीरभद्र सरकार ने इसलिए नौकरी से बर्खास्त किया था कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और कांग्रेस सरकार और भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज उठाई थी। इंद्रपाल शर्मा ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से यह भी मांग की है कि जिन बर्खास्त कर्मचारी नेताओं ने वर्षों कांग्रेस सरकार के विरुद्ध लड़ाई लड़ी थी, उनको तो सरकार में अच्छे पदों पर नवाजना चाहिए था, क्योंकि इन बर्खास्त कर्मचारियों ने अपनी जेब से लाखों रुपए खर्च करके वीरभद्र सरकार से लड़ाई लड़ी थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App