बोर्ड-निगमों पर नेताओं की नजर

By: Jan 22nd, 2018 12:05 am

 सोलन— प्रदेश में भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद अब भाजपा नेताओं व पदाधिकारियों ने अहम पदों पर नजरें गड़ा दी हैं। सोलन जिले को अभी तक कसौली के भाजपा विधायक डा. राजीव सहजल के रूप में एक मंत्री मिल गया है। उसके बाद पुरुषोत्तम गुलेरिया को खादी बोर्ड का उपाध्यक्ष व डेजी ठाकुर को महिला आयोग की अध्यक्ष पद पर नियुक्ति दी है। जिले के कई दिग्गज भाजपा नेताओं ने अब दिल्ली में अपने सूत्र बढाकर महत्त्वपूर्ण पद छिटकने की रणनीति बनाई है। बड़े पदाधिकारियों की नजरें बोर्ड व निगमों के डायरेक्टर के रूप में मनोनीत होने पर लगी हैं। वैसे सोलन में अभी तक तीन बडे़ ओहदों के अध्यक्ष पद पर भी गोटियां फिट करने की कसरत अंदर ही अंदर चल रही है। इसमें सब्जी मंडी सोलन, जोगिंद्रा बैंक चेयरमैन, बघाट बैंक चेयरमैन के अध्यक्ष पद खाली होने जा रहे हैं तथा कांग्रेस के हाथ से तीनों पद छिटक कर उसमें भाजपा नेताओं का कब्जा होने की रणनीति बन रही है। अब देखना है कि इनमें से किस-किस पद पर किस नेता की लाटरी लगती है।

कृषि मंत्री ने लगाई फटकार

कृषि मंत्री राम लाल मार्कंडेय ने सब्जी मंडी सोलन का निरीक्षण किया। इस दौरान सब्जी मंडी में गंदगी को देखकर उन्होंने मार्केट कमेटी के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई है। उन्होंने निर्देश जारी किए हैं कि एक माह में सब्जी मंडी की हालत  को सुधारा जाए। मंडी में रंग-रोगन किए जाने का कार्य भी जल्द शुरू किया जाए।

मुख्यमंत्री से एमसी का दर्जा मांगा

नगर निगम संघर्ष समिति की अहम बैठक पुराने उपायुक्त भवन में संपन्न हुई। बैठक  में सीएम जयराम ठाकुर से सोलन को जल्द नगर निगम का दर्जा दिए जाने की मांग की गई है। जल्द ही समिति के सदस्य सीएम, शहरी विकास मंत्री व  मंत्री डा. राजीव सहजल से भी इस विषय में मिलेंगे।

वोल्वो बसों की समयसारिणी

सुबह                           रात्रि

  9:15                           9:15

  9:45                       10:00

  11:15                        10:30

    12:13                     11:30

सुर्खियां

  उपायुक्त  कार्यालय में खुला सांसद सेवा केंद्र शुरू

 चंबाघाट में युवक ट्रेन से टकराया

  सूखे की चपेट में फसलें

  बाइपास पर कार दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत

  कंडाघाट के बगास गांव में  मिली सड़ी-गली लाश

अपकमिंग इवेंट्स

  ठोडो मैदान में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस की धूम

   25 जनवरी हिमाचल दिवस पर आयोजित होंगे कार्यक्रम

  आंजी में ग्राम सभा का आयोजन

 डीसी लेंगे अधिकारियों की बैठक

विवांता माल को कोर्ट से एक माह की राहत

मॉल रोड पर स्थित विवांता मॉल के अवैध निर्माण को तोड़ने के लिए  प्रदेश उच्च न्यायालय ने एक माह का समय दिया है। समय मिलने के बाद मॉल के मालिक ने राहत की सांस ली है। बीते कई माह से विवांता माल के अवैध निर्माण को तोड़ने का कार्य चल रहा है। अब तक एक मंजिल को तोड़ा जा चुका है  व एक अन्य मंजिल  को तोड़ने का कार्य चल रहा है।

शख्सियत : डेजी ने चमकाया सोलन

जिला के परवाणू शहर की रहने वाली डेजी ठाकुर ने प्रदेश में सोलन का नाम रोशन किया है। डेजी ठाकुर को प्रदेश सरकार ने महिला आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस पद पर तैनात होने के बाद वह पूरे प्रदेश की महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगी। डेजी ठाकुर परवाणू नगर परिषद की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। अपने कार्यकाल में उन्होंने परवाणू  के विकास में अहम योगदान दिया है। डेजी ठाकुर ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों के लिए हमेशा लड़ती रहेंगी।  महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचारोें को रोकने के लिए भी आयोग द्वारा विशेष प्रयास किए जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App