मांग में सुधार से सोना छह हफ्ते के उछाल पर

By: Jan 10th, 2018 12:04 am

नई दिल्ली— वैश्विक स्तर पर पीली धातु में नरमी के बीच मंगलवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में मांग में सुधार से सोना 20 रुपए चमककर छह सप्ताह के उच्चतम स्तर 30500 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। चांदी भी 20 रुपए की मजबूती के साथ 39900 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोना हाजिर 1.15 डालर की गिरावट के साथ 1316.65 डालर प्रति औंस पर रहा। फरवरी का अमरीकी सोना वायदा 2.30 डालर टूटकर 1318.10 डालर प्रति औंस बोला गया। दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डालर में आई तेजी के कारण पीली धातु पर दबाव रहा। साथ ही अमरीका में नीतिगत ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना बढ़ने से भी सोने के दाम घटे हैं। वैश्विक बाजारों में चांदी हाजिर 17.05 डालर प्रति औंस पर स्थिर रही। स्थानीय बाजार में सोना स्टैंडर्ड 20 रुपए चढ़कर 30500 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के साथ 30350 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी 24700 रुपए पर स्थिर रही। चांदी हाजिर 20 रुपए के मामूली सुधार के साथ 39900 रुपए प्रति किग्रा के भाव बिकी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App