शिमला में महकी खिचड़ी की खुशबू

By: Jan 15th, 2018 12:05 am

 शिमला — साल के पहले पर्व लोहड़ी को धूमधाम से मनाने के बाद प्रदेश में मकर संक्रांति का पर्व भी बड़े धूमधाम से मनाया  गया। पवित्र त्योहार मकर संक्रांति को राजधानी में भी रविवार को धूमधाम से मनाया गया। शिमला के ऊपरी इलाकों में जहां लोगों ने इस पर्व पर पवित्र स्नान की परंपरा को पूरा किया। वहीं, शिमला शहर में इस पर्व पर मंदिरों में दान-पुण्य करने के साथ ही खिचड़ी बांटी गई। इस पर्व पर शिमला के मंदिरों में लोगों ने मकर संक्रांति के पर्व पर दान और पूजा-अर्चना की। लोगों ने श्रद्धा भाव से इस पर्व की रस्मों को निभाया। लोगों ने अपने मित्रों व संबंधियों को गले लगाकर और खिचड़ी परोस कर पर पर्व की खुशियां साझा कीं। मकर संक्रांति को लेकर शिमला में जगह-जगह खिचड़ी परोसी गई और एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दी गईं। प्राचीन मान्यता व रस्मों के तहत लोगों ने सुबह स्नान कर विधिवत पूजा-अर्चना की। संक्रांति को लेकर मंदिरों में भी काफी भीड़ देखी गई। लोग मंदिर व अपने घरों में पूजा-अर्चना करते हुए देखे गए। वहीं, श्रद्घालुओं ने नदी के तटों के किनारों पर पहुंच कर पवित्र स्नान किया और अपने परिवारजनों के लिए सुख-समृद्घि मांगी।  पर्व की महत्ता को देखते हुए लोगों ने तुला दान भी किया। शहर और उपनगरों के मंदिरों में भी संक्रांति के पर्व पर विशेष तुलादान करने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। मकर संक्रांति पर्व पर दान का महत्त्व होने से और पवित्र स्नान की मान्यता को अपनाते हुए लोगों ने दान और पवित्र स्नान किया। इस अवसर पर शिमला के रिज मैदान पर रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया। रक्तदान शिविर में लोगों ने पुण्य कमाया।

मकर संक्रांति पर तेल दान शुभ फलदायी

मकर संक्रांति के पर्व पर स्नान कर तिल, चावल, सरसों का तेल दान देना और तीर्थ स्थल की यात्रा करना शुभ फलदायी रहता है। संक्रांति पर तुला दान का विश्ेष महत्त्व होता है, जिसे देखते हुए इस पर्व पर तत्तापानी सहित शहर में भी लोगों ने तुलादान करवाया।

तिल, गुड़ के साथ खिचड़ी का लगा भोग

मकर संक्रांति के पर्व पर तिल, गुड के साथ-साथ लोगों ने घरों पर खिचड़ी बनाकर इस त्यौहार को मनाया। मकर संक्रांति के पर्व पर खिचड़ी खाने का विशेष महत्त्व है। शहर के हर घर में खिचड़ी बनाकर लोगों ने मकर संक्रांति का पर्व मनाया और परिवार वालों के साथ इस पर्व की खुशियां साझा कीं। शहर में लक्कड़ बाजार सहित गंज और मिडल बाजार में भी खिचड़ी का प्रसाद बांटा गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App