खूब उड़ाएं खुद का मजाक, रहेंगे हेल्दी

By: Feb 11th, 2018 12:06 am

मजाक करना और ठहाके मारना सेहत के लिए अच्छा होता है यह तो सब जानते हैं। लेकिन शायद आपको यह नहीं पता होगा कि खुद का मजाक उड़ाना सेहत के लिए ज्यादा अच्छा होता है। खुद पर मजाक बनाने वाले लोगों को गुस्सा कम आता है और वो ज्यादा खुशमिजाज होते हैं। स्पेन के माइंड, ब्रेन एंड बिहेवियर रिसर्च सेंटर के शोधकर्ताओं ने कहा है कि खुद का मजाक उड़ाने वाले चुटकुले मारने से आप ज्यादा खुशी महसूस करते हैं। यह ताजा रिसर्च पहले की उस रिसर्च से बिलकुल अलग है जिसमें कहा गया था कि खुद का मजाक बनाने से नकारात्मक मनोवैज्ञानिक असर होता है। इस रिसर्च से जुड़े वैज्ञानिक जॉर्ज टोरिस मारिन ने कहा कि हमने इस अध्ययन में देखा कि जन लोगों में खुद का मजाक उड़ाने की आदत होती है उनमें मनोवैज्ञानिक तौर पर सकारात्मक असर होता है।

यानी वो ज्यादा खुश रहते हैं और साथ ही वो मिलनसार भी होते हैं। हालांकि मारिन का ये भी कहना है कि खुद पर मजाक करने का असर कैसा होगा यह इस बात पर निर्भर करता है कि शख्स कहां रह रहा है। उन्होंने कहा कि हम इस विषय पर और रिसर्च के जरिए यह जानना चाहते हैं कि इस तरह का मजाक इनसान के सांस्कृतिक और सामाजिक पहलुओं से कैसे जुड़ा हुआ है। ऐसा इसलिए जरूरी हैं क्योंकि इनसान का मजाक दो चीजों पर निर्भर करता है। एक वो किस संस्कृति या वातावरण से आता है। दूसरा यह कि उसका मजाक कुछ लोगों के लिए हास्य हो सकता है लेकिन वही दूसरों के लिए उपहास भी हो सकता है।

गुस्से पर होता है कंट्रोल

वैज्ञानिकों ने इस अध्ययन के आधार पर कहा है कि खुद पर मजाक करने वाले लोगों का गुस्सा कम नहीं होता है। असल में ऐसे हंसी-मजाक से वो अपने गुस्से को दबाना सीख लेते हैं। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि अपने-आप पर कमेंट करना गुस्से के नियंत्रण का कोई तरीका नहीं है, बल्कि यह उसे छिपाने या दबाने का जरिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App