जंजैहली में हालात बिगड़े, पुलिस पर पथराव

By: Feb 11th, 2018 12:07 am

पुतला फूंक किया हिंसक प्रदर्शन, जनता-पुलिस में धक्कामुक्की, हाथापाई

जंजैहली, चैलचौक— मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह क्षेत्र सराज के जंजैहली में हालात और बिगड़ गए हैं। एसडीएम कार्यालय बंद करने के बाद शनिवार को जंजैहली में प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मुख्यमंत्री का पुतला तक जलाया। इस दौरान पुलिस और लोगों के बीच धक्कामुक्की और हाथापाई भी हुई, जबकि कुछ लोगों द्वारा अचानक पत्थर भी फैंके गए, जिससे एक पुलिस कर्मी का सिर फट गया। पुलिस कर्मी के माथे पर दो टांके लगे हैं, जबकि दो अन्य पुलिस कर्मियों को भी मामूली चोटे आई हैं। हिंसक प्रदर्शन के बाद शनिवार को जंजैहली बाजार पुलिस छावनी में तबदील हो गया। दो दर्जन से अधिक पुलिस कर्मियों की तैनाती जंजैहली में की गई है। हालांकि दोपहर को हुए इस प्रदर्शन के बाद लोग पुतला जलाने व रैली के बाद शांत हो गए और फिर बाजार से चले गए। प्रदर्शन में न सिर्फ संघर्ष समिति के लोग शामिल रहे, बल्कि कांग्रेस के स्थानीय नेताओं, किसान सभा, व्यापार मंडल व वाम दलों के साथ ही स्थानीय जनता भी शामिल रही। प्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा जंजैहली में एसडीएम कोर्ट व छत्तरी में उपतहसील की अधिसूचना रद्द  करने के बाद लोग भड़के हुए हैं। शुक्रवार को कोर्ट के आदेशों के बाद एसडीएम कार्यालय जंजैहली व छत्तरी उपतहसील को बंद कर दिया गया था, जिसके बाद लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया था। शनिवार को दोपहर 12 बजे लोग जंजैहली बस स्टैंड पर फिर एकत्रित हुए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। रैली के रूप में पंचायत घर तक लोग सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए गए। इस दौरान लोगों ने रैली में मुख्यमंत्री का पुतला जलाने का प्रयास कर दिया, जिस पर पुलिस ने पुतला छुड़ाने की कोशिश और धक्कामुक्की व हाथापाई हो गई। एक तरफ से पथर भी मारे गए और जिसका निशाना कुछ पुलिस कर्मी बन गए। संघर्ष समिति के अध्यक्ष नरेंद्र रेडी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश रेड्डी, कांग्रेस प्रत्याशी रहे चेतराम ठाकुर, महेंद्र राणा, जयवंति सहित अन्य लोगों ने भीड़ को संबोधित किया। एसडीएम सुरेंद्र मोहन व डीएसपी राम करण राणा ने बताया कि हालात पूरी तरह से काबू में हैं और दोपहर बाद से माहौल शांत है।

इन पर हत्या के प्रयास का केस

आंदोलनकारियों पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। संघर्ष समिति के अध्यक्ष नरेंद्र रेड्डी, सराज कांग्रेस के अध्यक्ष जगदीश रेड्डी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता चेतराम ठाकुर, माकपा नेत्री जैबंती, जिला परिषद सदस्य जयवंती चौहान, पवन कुमार व मोहर सिंह माही के खिलाफ  आईपीसी की धारा 353, 152, 307, 147 148 व 149 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App