रिवालसर झील किनारे गाडि़यों पर लगे रोक

By: Feb 13th, 2018 12:05 am

रिवालसर— त्रिवेणी धर्म स्थली रिवालसर की प्राकृतिक एवं धार्मिक आस्था की प्रतीक रिवालसर झील के किनारे पर बने परिक्रमा मार्ग पर स्थानीय लोगों व नगर पंचायत के पार्षदों ने बेमतलब के दौड़ रहे वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग जिला प्रशासन से उठाई है।  रिवालसर झील के चारों ओर  बने   पिछले कुछ महीनों से दोपहिया वाहनों एवं छोटी गाडि़यों के लगातार परिक्रमा मार्ग पर दौड़ने से श्रद्धालुओं को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कभी-कभी तो इन बेलगाम  चालकों की वजह से परिक्रमा मार्ग पर लोगों को दुर्घटना का शिकार भी होना पड़ता है। नगर पंचायत अध्यक्ष लाभ सिंह का कहना है कि रिवालसर नगर पंचायत द्वारा कुछ माह पूर्व झील परिसर से प्रवेश शुल्क की एंट्री हटाने से झील परिसर में गाडि़यां दौड़ाना फैशन सा बन गया है,  जिसके कारण श्रद्धालु ठीक ढंग से पवित्र झील की परिक्रमा नहीं कर पाते हैं। रिवालसर झील परिसर से हटाए गए प्रवेश शुल्क से नगर पंचायत को दोहरी मार झेलना पड़ रही है। शुल्क हटाने व आम गाडि़यों की आवाजाही बहुत बढ़ गई है, जिसके कारण झील परिसर पर जगह-जगह गाडि़यों का जमघट लगा रहता है। वहीं गाडि़यों के धुएं से झील का वातावरण भी प्रभावित हो रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App