शेयर बाजार में कोहराम

By: Feb 7th, 2018 12:08 am

561 अंक लुढ़ककर थमा सेंसेक्स, निफ्टी 10500 अंक के नीचे बंद

मुंबई – ग्लोबल मार्केट से मिले नेगेटिव संकेतों की वजह से शेयर बाजार में इस हफ्ते लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भारी गिरावट देखी गई। भारी गिरावट के बाद हैवीवेट भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक और टाटा स्टील में खरीददारी से सेंसेक्स में निचले स्तर से 713 अंकों  का सुधार हुआ, वहीं निफ्टी नीचे से 222 अंक सुधरा। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 561 अंक की गिरावट के साथ 34196 अंक पर और निफ्टी 168 अंक टूटकर 10498 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले, शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1274 प्वाइंट्स लुढ़कर 33482.81 पर खुला था। निफ्टी 390 प्वाइंट्स की गिरावट के साथ 10276.30 पर नजर आया। इंट्रा-डे में 14 महीने के बाद यह सबसे बड़ी गिरावट है। इसके पहले 11 नवंबर, 2016 को सेंसेक्स 1689 प्वाटइंट नीचे आ गया था। इससे निवेशकों के कुछ ही मिनट में करीब पांच लाख करोड़ रुपए डूब गए थे। इस हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भी बाजार में गिरावट देखी गई थी। पहले यह कहा गया कि यह गिरावट लांग टर्म कैपिटल गेन टैक्स लगने की वजह से है। इस पर खुद फाइनांस सेक्रेटरी हसमुख अढिया ने सफाई दी और कहा, गिरावट के लिए ग्लोबल मार्केट में आई कमजोरी जिम्मेदार है न कि टैक्स। मंगलवार के कारोबार में मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 1.68 फीसदी टूटकर 16281 अंक पर बंद हुआ। मिडकैप शेयरों में पेज इंडस्ट्रीज, इमामी लिमिटेड, रैमको सीमेंट, श्रीराम ट्रांसपोर्ट फाइनांस, हैवेल्स, चोलामंडलम फाइनांस, 0.71-2.63 फीसदी तक बढ़े। हालांकि बीएसई के स्मॉलकैप इंडेक्स में ज्यादा गिरावट रही। इंडेक्स 2.19 फीसदी गिरकर बंद हुआ। स्मॉलकैप शेयरों में भूषण स्टील, मनाली पेट्रोकेमिकल, एमएमएफएल, जमना ऑटो, किर्लोस्कर ब्रदर्स, वीमार्ट 6.10-14.01 फीसदी तक चढ़े।  अमरीकी बाजारों में भारी गिरावट का असर एशियाई बाजारों पर देखने को मिल रहा है। मंगलवार को जापान का बाजार निक्केई 1196 अंक की गिरावट के साथ 21486 अंक पर कारोबार कर रहा है। यही हाल हैंगसेंग का रहा। यह बाजार 1385 की गिरावट के साथ 30861 प्वाइंट्स पर नजर आया, वहीं एसजीएक्स निफ्टी में 370 अंक की गिरावट के साथ 10326 अंक पर ट्रेडिंग जारी है।  कोरियाई बाजार का इंडेक्स कोस्पी 1.33 फीसदी की गिरावट के साथ 2492 अंक पर कारोबार कर रहा है, जबकि ताइवान इंडेक्स 510 अंक की गिरावट के साथ 10435 अंक पर कारोबार कर रहा है। शंघाई कम्पोजिट में 2.14 फीसदी की कमजोरी दिखी, वहीं स्ट्रेट्स टाइम्स 112 अंक टूटकर 3371 अंक पर रहा। सोमवार को अमरीकी बाजारों में छह साल की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। इस गिरावट ने बीते एक साल की बढ़त गंवा दी है।  भारत मे आम बजट पहली फरवरी को आया था। उसके बाद शेयर बाजार में अब तक चार दिन ट्रेडिंग हुई। तीन और चार फरवरी को अवकाश था। चारों दिन बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ।  मंगलवार के कारोबार में सभी सेक्टरोल इंडेक्स में गिरावट दर्ज की गई। सबसे ज्यादा गिरावट निफ्टी आईटी इंडेक्स में 2.90 फीसदी रही। इसके अलावा बैंक निफ्टी में 1.10 फीसदी, निफ्टी ऑटो में 1.80 फीसदी, निफ्टी एफएमसीजी में 1.91 फीसदी, निफ्टी मेटल में 1.64 फीसदी, निफ्टी फार्मा में 2.19 फीसदी और निफ्टी रियल्टी इंडेक्स में 1.88 फीसदी की कमजोरी रही। स्टॉक मार्केट के इंडिया वोलैटिलिटी इंडेक्स (विक्स) में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शुक्रवार के कारोबार में इंडेक्स 35.83 फीसदी बढ़कर 23.15 के लेवल पर पहुंच गया। वोलैटिलिटी इंडेक्स के क्रूसियल लेवल पर पहुंचने से मार्केट में और उतार-चढ़ाव की संभावना बढ़ गई है। इंडिया वोलैटिलिटी इंडेक्स यानी विक्स नियर टर्म में उतार-चढ़ाव को लेकर मार्केट के अनुमान को बताता है। हाई विक्स से संकेत मिलता है कि मार्केट नियर टर्म में उतार-चढ़ाव देख सकता है।

सेंसेक्स की सात सबसे बड़ी गिरावट

* 29 सितंबर, 1997 ः 1961.21  * 17 अक्तूबर, 2007 ः 1743.96  * 21 जनवरी, 2008 र् 2062.2  * 22 जनवरी, 2008 र् 2272.93  * 24 अगस्त, 2015 र् 1741.35 * 11 नवंबर, 2016 र् 1689  * 6 फरवरी, 2018 र् 1274

चंद सेकंड में डूबे पांच लाख करोड़

शुरुआती कारोबार में लार्ज कैप शेयरों के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बिकवाली से निवेशकों के पांच लाख करोड़ रुपए डूब गए थे। सोमवार को बीएसई पर लिस्टेड कुल कंपनियों का मार्केट कैप 14795747 करोड़ रुपए था, वहीं मंगलवार को सेंसेक्स 1200 अंक गिरकर खुला। इतनी बड़ी गिरावट के बाद निवेशकों को करीब 522054 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। हालांकि बाद में निचले स्तर से बाजार में रिकवरी आई, जिससे निवेशकों के नुकसान की कुछ भरपाई हुई। मंगलवार के कारोबार में निवेशकों को 273260 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App