184 पदाधिकारियों की घोषणा

By: Feb 1st, 2018 12:02 am

हरियाणा में प्रदेश महिला कांग्रेस ने  किया संगठन में बदलाव

 चंडीगढ़ — हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी (एचपीएमसीसी) के पुनर्गठन की प्रक्रिया के चलते अब तक इसके 184 पदाधिकारियों की नियुक्तयों को पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने मंजूरी प्रदान कर दी है। एचपीसीसीसी की अध्यक्ष सुमित्रा चौहान ने बुधवार को  एक संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी देते हुए बताया कि अब तक प्रदेश महिला इकाई में आठ वरिष्ठ उपाध्यक्ष, 22 उपाध्यक्ष, 46 महासचिव और इतने की सचिव, नौ समन्वयक एवं प्रकोष्ठ प्रभारी, 13 प्रवक्ता और 39 जिलाध्यक्षों की नियुक्तियां की गई हैं तथा इन्हें राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव ने मंजूरी प्रदान कर दी है। उन्होंने बताया कि इसके उपरांत अब अगले 15 दिनों में ब्लॉक स्तर पर अध्यक्षों, वरिष्ठ उपाध्यक्षों, उपाध्यक्षों तथा महासचिवों तथा अन्य पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिलाध्यक्षों और ब्लॉक अध्यक्षों को एक माह की समयावधि में प्रत्येक बूथ पर दो प्रतिनिधियों का नियुक्तियां करने का लक्ष्य दिया जाएगा। श्रीमती चौहान ने बताया कि प्रदेश महिला इकाई का पुनर्गठन लंबे अर्से से अटका हुआ था, जिसके कारण राज्य में महिलाओं के विरुद्ध हो रहे अपराधों को लेकर कोई बड़ा आंदोलन भी नहीं किया जा सका। कांग्रेस नेता ने कहा कि राज्य में अपराधियों को कानून का कोई डर नहीं रह गया है और वे बेखौफ और निरंकुश होकर वारदात कर रहे हैं। उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री से इस ओर विशेष रूप से ध्यान देने की अपील की। महिलाओं के प्रति अपराधों को लेकर उन्होंने कहा कि इसके लिये किसी राजनीतिक दल को दोषी ठहराया जाना सही नहीं है। इन अपराधों के अनेक कारण हैं तथा इनके लिये दलगत राजनीति से ऊपर उठ कर आंदोलन चलाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इंटरनेट पर परोसी जा रही अश्लीलता युवाओं को गलत रास्ते पर ले जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App