आज और कल धूप, 20 से बारिश

By: Mar 18th, 2018 12:20 am

मौसम साफ रहने से प्रदेश के तापमान में पांच डिग्री तक का उछाल

शिमला — हिमाचल प्रदेश में रविवार और सोमवार को भी मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग ने समूचे राज्य में दो दिन तक चटक धूप खिलने की संभावनाएं जताई हैं।  राज्य में 20 मार्च से मौसम फिर करवट लेगा, जो  22 मार्च तक जारी रहेगा। इस दौरान मैदानों में बारिश और पहाड़ों पर कई स्थानों पर फिर से हल्की बर्फबारी होने की उम्मीदें जताई जा रही हैं। प्रदेश में 23 मार्च को मौसम साफ रहेगा।  शनिवार को राज्य के अधिकतम क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा, जिससे अधिकतम तापमान में एक से पांच डिग्री सेल्सियस का उछाल आया है। कल्पा के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक पांच डिग्री का उछाल आया है। कल्पा का पारा 8.4 डिग्री से चढ़कर 13.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसके अलावा भुंतर व ऊना में 2.0 और शेष हिमाचल के अधिकतम तापमान में एक डिग्री तक का उछाल आया है, जबकि न्यूनतम तापमान में कोई उल्लेखनीय परिवर्तन नहीं आया है। प्रदेश के कल्पा व केलांग का न्यूनतम तापमान अभी भी जमाव बिंदु से नीचे चल रहा है। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 18.1, सुंदरनगर में 26.5, भुंतर में 25.0, कल्पा में 13.8, ऊना में 33.4, नाहन में 24.3, सोलन में 23.5, कांगड़ा में 26.6, बिलासपुर में 28.5, हमीरपुर में 27.7, चंबा में 24.6 और डलहौजी  में 12.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में आगामी दो रोज मौसम साफ रहेगा। 20 से 22 मार्च तक मौसम खराब रहेगा। इस दौरान कई स्थानों पर बारिश और ऊचाई वाले क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हल्की बर्फबारी होगी, जबकि 23 मार्च को राज्य में मौसम साफ बना रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App