कांस्टेबल भर्ती का रास्ता साफ

By: Mar 29th, 2018 12:08 am

जयराम सरकार ने दूर किया पांच माह से जारी गतिरोध, पुलिस विभाग को इंटरव्यू लेने को हरी झंडी

शिमला— पुलिस विभाग में कांस्टेबल भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। सरकार ने पुलिस विभाग को इसके लिए इंटव्यू करवाने की हरी झंडी दे दी है। इसके बाद पुलिस मुख्यालय की ओर से तीन पुलिस रेंजों को अपने अधीन जिलों में इंटरव्यू की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसके चलते पुलिस विभाग में कांस्टेबल भर्ती की करीब साढ़े पांच माह से लटकी भर्ती प्रक्रिया फिर शुरू होगी। भाजपा सरकार ने सत्ता में आने पर लोक सेवा आयोग और कर्मचारी चयन आयोग के बाहर की जा रही भर्तियों पर रोक लगा दी थी। इसके बाद सरकार इनके बाद की जा रही भर्तियों की समीक्षा कर रही थी। इसके चलते पुलिस विभाग में ये भर्तियां भी लटक गई थीं। वहीं पुलिस कांस्टेबल भर्तियों में इंटरव्यू करवाने का पेंच फंसा हुआ था। पुलिस विभाग इंटरव्यू करवाना चाह रहा था, जबकि राज्य में सभी तृतीय श्रेणी और चतुर्थ श्रेणी कर्मियों की भर्तियों में साक्षात्कार को खत्म कर दिया गया है। हालांकि इस बारे में पिछली कांग्रेस सरकार ने फैसला लिया था, लेकिन राज्य में बनी नई सरकार ने भी इंटरव्यू खत्म करने के बारे में पहले के आदेशों पर मुहर लगाई थी। इस पर सरकार भी पसोपेश में थी। बताया जा रहा है कि पुलिस विभाग की ओर से सरकार के सामने इन भर्तियों का मामला रखा गया था। विभाग ने यह भी साफ कर दिया था कि इन भर्तियों के लिए इंटरव्यू करवाने ही होंगे, क्योंकि पुलिस कांस्टेबल भर्तियों में इंटरव्यू खत्म करने के लिए इसके भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में बदलाव नहीं किया गया। इसके बिना इंटरव्यू को खत्म नहीं किया जा सकता। यह भी दलील दी गई कि इन भर्तियों पर कोई विवाद नहीं है। ऐसे में यदि सरकार इनको रद्द करती है तो लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण उम्मीदवार सरकार के फैसले को न्यायालय में चुनौती दे सकते हैं। इससे भर्तियां लंबी खिंच जाएंगी, जबकि पुलिस विभाग में स्टाफ की कमी चल रही है। ऐसे में विभाग को कांस्टेबल भर्तियां जारी रखने और इनके लिए इंटरव्यू करवाने की अनुमति मिलनी चाहिए। बताया जा रहा है कि इस पर सरकार ने कानूनी राय मांगी थी। इसके बाद ही सरकार ने भर्तियों को जारी रखने और इसके लिए इंटरव्यू करवाने को हरी झंडी दे दी है। डीजीपी एसआर मरढ़ी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि सरकार ने कांस्टेबल भर्ती करवाने की मंजूरी दे दी है। पुलिस विभाग अब इसके लिए साक्षात्कार करवाएगा।

भरे जाने हैं 1200 पद

पुलिस विभाग सभी जिलों के लिए कांस्बेटलों की भर्ती कर रहा है। इसके तहत राज्य में कुल 1200 पद भरे जा रहे हैं। पुलिस विभाग ने इसके लिए पिछले साल दो अक्तूबर को लिखित करवाकर 10 अक्तूबर को इसके परिणाम भी जारी कर दिए थे। इस परीक्षा में सभी जिलों में करीब 27 हजार उम्मीदवार उत्तीर्ण रहे थे, लेकिन इसी बीच 12 अक्तूबर को हिमाचल में विधानसभा चुनावों के ऐलान हो गए, जिसके चलते ये भर्तियां लटक गईं। तब से यहमामला लटका था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App