नेहवाल दिल्ली गेम्स का इतिहास दोहराने को तैयार

By: Mar 29th, 2018 12:06 am

नई दिल्ली— आठ साल पहले जब दिल्ली कॉमनवैल्थ गेम्स का आयोजन किया था, तो उसमें भारतीय बैडमिंटन स्टार सायना नेहवाल ने गोल्ड मेडल पर स्मैश जड़ा था। उस मेडल की यादें अभी भी सायना नेहवाल के जेहन में ताजा हैं और वह अगले महीने आस्ट्रेलिया के गोल्डकोस्ट में होने वाले कॉमनवैल्थ गेम्स 2018 में इस प्रदर्शन को दोहराना चाहती हैं। आठ साल पहले बीस बरस की साइना ने आखिरी दिन स्वर्ण पदक जीता था। वह इस उपलब्धि को हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी बनीं और उसके इस पदक की मदद से भारत ने पदक तालिका में इंग्लैंड को पछाड़कर दूसरा स्थान हासिल किया था। सायना ने कहा कि भारत 2010 में पदक तालिका में दूसरे स्थान पर था। आखिरी दिन हमारे नाम 99 पदक थे और भारतीय हाकी तथा बैडमिंटन महिला एकल मुकाबले बाकी थे। मैंने स्वर्ण पदक जीता और हाकी टीम ने रजत पदक। मुझे तिरंगे के साथ पोडियम पर खड़े होकर इतना अच्छा लगा कि मैं भूल नहीं सकती। सायना ने कहा कि 2014 में चोटों के कारण मैने भाग नहीं लिया। अब गोल्डकोस्ट में सोने के तमगे पर नजर है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App