बयानबाजी करना छोड़ें, विधायक को जगाएं

By: Mar 23rd, 2018 12:05 am

सोलन – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का पुतला फूंक कर युवा कांग्रेस ने अपनी मानसिकता का प्रदर्शन किया है। यह बात जिला अध्यक्ष भाजयुमो भरत साहनी ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पेश किए गए प्रभावशाली बजट को कांग्रेस को जनहित में अपना समर्थन देना चाहिए, लेकिन वह अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। साहनी ने कहा कि युवा कांग्रेस को बेवजह विरोध करने की बजाय अपने सोए हुए विधायक को जगाना चाहिए, ताकि जन कल्याण के कार्यों को गति मिल सके। साहनी ने कहा कि सोलन विधायक कर्नल धनीराम शांडिल स्लीपिंग ब्यूटी है। बीते पांच सालों में भी उन्होंने सोलन निर्वाचन क्षेत्र के विकास के लिए कोई बड़ा कार्य नहीं किया। इतना ही नहीं वर्तमान में भी वह सोलन निर्वाचन क्षेत्र से विधायक हैं, लेकिन बीते कई महीनों से वह गायब हो गए हैं। चुनाव जीतने के बाद उन्होंने एक बार भी जनता के बीच जाने की जहमत नहीं उठाई। विधानसभा का सत्र जारी है, लेकिन विधायक शांडिल वहां भी मौन हैं। साहनी ने दावा किया कि भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र में किए गए सभी वादे पूरे किए जाएंगे। स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार सरकार की प्राथमिकता है और इन क्षेत्रों के विकास में कोई कसर नहीं रखी जाएगी।  जिला की चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था पर भरत साहनी ने कहा कि इस बाबत डा. राजीव सहजल की सीएम जयराम ठाकुर व स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार के साथ बैठक हो चुकी है। इस अवसर पर लक्ष्मी, शिवम मित्तल, डा अभिमंयु, संजीव शर्मा, सत्यम गुप्ता, विनोद ठाकुर, दिग्विजय ठाकुर, संदीप सोनी, विनोद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App